लेह में निर्माणाधीन पुल तेज आंधी के कारण गिरा, 12 घंटे के रेस्क्यू के बाद मिले 4 मजदूरों के शव
लेह, अप्रैल 10। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह जिले में एक बड़ा हादसा हुआ है। रविवार को अधिकारियों ने बताया कि शनिवार शाम लेह की नुब्रा घाटी एक निर्माणाधीन पुल ढह गया। इस हादसे में 4 मजदूरों की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा लेह जिले के दिस्कित गांव में शनिवार शाम 4 बजे के करीब हुआ।

6 मजदूर फंसे थे मलबे में
अधिकारियों ने बताया है कि तेज हवा के कारण निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा ढह गया। कल शाम तक 6 मजदूर मलबे में फंसे हुए थे, जिसमें से 2 को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन 4 शव मजदूरों के शव बरामद हुए। अधिकारियों ने बताया कि करीब 12 घंटे तक चले संयुक्त बचाव अभियान के बाद घटनास्थल से चार शव मिले। दो अन्य जिन्हें बचाया गया है, उन्हें इलाजे के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मरने वालों में जम्मू कश्मीर और छत्तीसगढ़ के हैं मजदूर
अधिकारियों ने कहा है कि जिन 2 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उनकी हालत वैसे गंभीर है, लेकिन उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने इस हादसे में मरने वाले मजदूरों की पहचान भी बताई है। इनमें जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के राजकुमार और वरिंदर, छत्तीसगढ़ के मंजीत और पंजाब के लव कुमार शामिल हैं। इसके अलावा अधिकारियों के अनुसार घायलों में छत्तीसगढ़ के राजकुमार और राजौरी के कोकी कुमार का इलाज किया जा रहा है।
उपराज्यपाल ने दिए जांच के आदेश
इस हादसे के बाद लद्दाख के उपराज्यपाल राधा कृष्ण माथुर ने जांच के आदेश दे दिए हैं। साथ ही रेस्क्यू ऑपरेशन पर कड़ी नजर बनाई हुई है। जमीनी स्तर पर बचाव अभियान की निगरानी अनुमंडल दंडाधिकारी लक्ष्य सिंघल और अन्य अधिकारी कर रहे हैं जो बचाव अभियान की प्रगति पर नजर रखे हुए हैं। आपको बता दें कि रेस्क्यू ऑपरेशन में सेना की स्थानीय 102 ब्रिगेड, सीमा सड़क संगठन के प्रोजेक्ट विजयक के साथ-साथ वायु सेना के जवान भी लगे हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications