बिहार में हिंसक झड़प में 4 लोगों की मौत
बांका। बिहार के बांका जिले के शंभुगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को दो परिवारों के बच्चों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में चार लोगों की जानें चली गईं। मृतकों में एक महिला और एक बच्चा भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार मझगांवा गांव में टीपू यादव और उसके पड़ोसी शंकर यादव के बच्चों के बीच बुधवार शाम किसी बात को लेकर विवाद हो गया और इस विवाद को लेकर दोनों परिवारों के बड़े लोगों के बीच भी मारपीट हुई थी। इस घटना के बाबत गुरुवार सुबह शंकर के समर्थकों ने टीपू के घर हमला कर दिया और परिवार के एक सदस्य को गोली मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

इस घटना के बाद बदले की भावना से जवाबी कार्रवाई करते हुए टीपू के समर्थकों ने शंकर के घर पर हमला कर दिया जिसमें तीन लोग मारे गए। मृतकों में एक बच्चा, एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं।
बांका के पुलिस अधीक्षक पुष्कर आंनद ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन कर रही है। गांव में तनाव व्याप्त है। सूत्रों के अनुसार दोनों परिवारों में पहले से ही भूमि विवाद चल रहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications