एमपी में शिक्षा और परीक्षा से जुड़े मामलों के लिए बनेंगे फास्ट ट्रैक कोर्ट, 3 महीने में होगा निपटारा: सीएम मोहन यादव
मध्य प्रदेश भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में चार फास्ट-ट्रैक अदालतें स्थापित करेगा ताकि तीन महीने के भीतर पेपर लीक सहित शिक्षा और परीक्षा विवादों का समाधान किया जा सके। इस कदम का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति के कार्यान्वयन के अनुरूप पारदर्शिता को मजबूत करना और छात्रों के भविष्य की रक्षा करना है।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि राज्य में शिक्षा और परीक्षा से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे के लिए चार फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित किए जाएंगे। इन अदालतों में पेपर लीक, परीक्षा विवाद और युवाओं से जुड़े अन्य मामलों का अधिकतम तीन महीने के भीतर निराकरण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को मध्यप्रदेश विधानसभा के सेंट्रल हॉल में मीडिया से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षक और विद्यार्थी वर्ग के हितों को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के चार प्रमुख शहरों—भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित किए जाएंगे। इन अदालतों में परीक्षा से जुड़े विवाद, पेपर लीक और युवाओं के हितों से जुड़े मामलों की सुनवाई प्राथमिकता के आधार पर होगी, ताकि विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि समय की मांग है कि युवाओं से जुड़े न्यायिक मामलों का त्वरित समाधान हो और इसी उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की जा रही है।
विद्यार्थियों के हित सर्वोपरि
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विद्यार्थियों के कल्याण को लेकर हमेशा गंभीर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जैसे ही नीट पेपर लीक का मामला सामने आया, केंद्र सरकार ने तत्काल विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर कार्रवाई शुरू की। इसके बाद देशभर में आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और परीक्षा दोबारा आयोजित कराई गई।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार भी विद्यार्थियों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है और भविष्य में परीक्षाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इसके लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार कर सभी जरूरी सुरक्षा उपाय लागू किए जाएंगे।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने वाला पहला राज्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को लागू किया। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य में तीन नए शासकीय विश्वविद्यालय शुरू किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं और विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए भी लगातार निर्णय ले रही है।
मेडिकल शिक्षा में बढ़े अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। उनके अनुसार, देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या पहले की तुलना में दोगुनी से अधिक हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि पहले देश में 641 विश्वविद्यालय थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 1,400 से अधिक हो गई है। वहीं, मेडिकल शिक्षा की सीटें भी 50 हजार से बढ़कर एक लाख से अधिक हो चुकी हैं, जिससे छात्रों के लिए उच्च शिक्षा के अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।


Click it and Unblock the Notifications
