प्रसिद्ध अर्थशास्त्री अशोक मित्रा का 90 साल की उम्र में निधन, वामपंथी नेताओं ने जताया शोक
कई किताबें लिखने वाले अशोक मित्रा एक प्रसिद्ध अर्थशास्त्री थे। उन्होंने अखबारों में सामाजिक और आर्थिक मुद्दों पर कई कॉलम लिखे थे
नई दिल्ली। प्रसिद्ध विद्वान और पश्चिम बंगाल में वाम मोर्चे की सरकार में वित्त मंत्री रहे अशोक मित्रा का मंगलवार को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। मंगलवार सुबह करीब 9.15 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी उम्र 90 वर्ष थी। उनके निधन पर वामपंथी नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। अशोक मित्रा पश्चिम बंगाल के वाममोर्चा सरकार में पहले वित्त मंत्री बने थे। मित्रा डायरिया की शिकायत के कारण करीब एक महीना पहले अस्पताल में भर्ती हुए थे और बाद में उन्हें श्वसन संबंधी दिक्कतें होने लगी थी। उनकी पत्नी का दस साल पहले निधन हो गया था।

कई किताबें लिखने वाले अशोक मित्रा एक प्रसिद्ध अर्थशास्त्री थे। उन्होंने अखबारों में सामाजिक और आर्थिक मुद्दों पर कई कॉलम लिखे थे। उन्हें वाम मोर्चे की सरकार में वित्त मंत्री बनाया गया और वह 1977 से 1987 तक वित्त मंत्री रहे। इससे पहले वह 1970 से 1972 तक केंद्र सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार भी रहे थे।
अशोक मित्रा ने ढाका से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की थी। 1947 में वह विभाजन के दौरान भारत आ गये थे। बीएचयू से उन्होंने अर्थशास्त्र से पीजी किया। इसके बाद दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में उन्होंने दाखिला लिया। यहां से पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने सोशल स्टडीज की पढ़ाई के लिए नीदरलैंड चले गये और वहां से उन्होंने अर्थशास्त्र में डॉक्टरेट हासिल किया था। आइआइएम कोलकाता में उन्होंने अध्यापन भी किया और भारत सरकार के चीफ इकोनॉमिक एडवाइजर भी रहे।












Click it and Unblock the Notifications