रविशंकर प्रसाद का दावा- 2023 में होने वाले 9 राज्यों के विधानसभा चुनावों में भाजपा की होगी जीत
भाजपा के वरिष्ठ नेता आरएस प्रसाद ने कहा कि ऐसे 72,000 कमजोर बूथों की पहचान की गई और आज भाजपा अध्यक्ष ने अनुसार 1.32 लाख बूथों पर पहुंच चुके हैं।

भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा 2023 में होने वाले 9 राज्यों के चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बारे में बताते हुए प्रसाद ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस बैठक में कहा कि 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए बहुत अहम है,और हमें इस साल 9 राज्यों के चुनाव लड़ना और जीतना है और फिर 2024 में आम चुनाव है। प्रसाद ने ये भी बताया कि पीएम मोदी ने जनादेश दिया है कि हम कमजोर बूथों की पहचान करें और उन्हें मजबूत करें और पहुंच बढ़ाएं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता आरएस प्रसाद ने कहा कि ऐसे 72,000 कमजोर बूथों की पहचान की गई और आज भाजपा अध्यक्ष ने अनुसार 1.32 लाख बूथों पर पहुंच चुके हैं। प्रसाद ने बताया कि इस राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भाजपा प्रमुख ने हाल ही में संपन्न हुए चुनावों पर भी चर्चा की और कहा कि गुजरात की जीत ऐतिहासिक और अभूतपूर्व है। वहीं हिमाचल जहां भाजपा को हरा कर कांग्रेस सत्ता हासिल करने में कामयाब हुई, उसके बारे में उन्होंने कहा कि हम सरकार बदलने की परंपरा को बदलने वाले थे लेकिन हम ऐसा नहीं कर सके।
भाजपा नेता प्रसाद ने कहा 2024 में आम चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले 2023 के विधानसभा चुनाव होंगे जो हमारे लिए बहुत अहम है। उन्होंने कहा कि हम एक भी विधानसभा चुनाव नहीं हारेंगे।
गौरतलब है कि भाजपा की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को दिल्ली में आरंभ हुई। इस बैठक से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो संपन्न हुआ। बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, निर्मला सीतारमण, डॉ. एस जयशंकर सहित बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों समेत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। बैठक के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा 35 केंद्रीय मंत्री, 12 मुख्यमंत्री और 37 क्षेत्रीय प्रमुख शामिल हुए।












Click it and Unblock the Notifications