अटल बिहारी वाजपेयी को यूरिन इंफेक्शन, एम्स हो रहा डायलिसिस
नई दिल्ली। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को सोमवार को किडनी इन्फेक्शन के चले एम्स में भर्ती करवाया गया। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अटल बिहारी वाजपेयी को यूरिन इंफेक्शन और किडनी में समस्या है। फिलहाल उनका डायलिसिस चल रहा है। एम्स में उनका कार्डियक केयर यूनिट (सीसीयू) में इलाज किया जा रहा है। संस्थान के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया की देखरेख में चार विभागों के डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री को नियमित जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया
अस्पताल की ओर से जारी बुलेटिन में कहा गया है कि, पूर्व प्रधानमंत्री को नियमित जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। नेफ्रोलॉजी, गैस्ट्रोलॉजी, पल्मोनोलॉजी तथा कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टरों की टीम उनकी जांच कर रही है। पूर्व प्रधानमंत्री को अस्पताल से कब छुट्टी मिलेगी, यह अभी तय नहीं है। मंगलवार सुबह 9 बजे एम्स अस्पताल की ओर से मेडिकल बुलेटिन जारी होगा।

हाल जानने एम्स पहुंचे पीएम मोदी
सोमवार शाम को वाजपेयी का हालचाल जानने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह, लालकृष्ण आडवाणी, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, प्रकाश जावड़ेकर समेत कई बड़े नेता पहुंचे। बीजेपी के नेता विजय गोयल ने बताया कि यूरिन इंफेक्शन का इलाज चल रहा है और उम्मीद है कि वह मंगलवार को घर जा सकेंगे। वहीं, एम्स में वाजपेयी का हालचाल जानने के बाद केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन ने पत्रकारों से कहा, 'वह (वाजपेयी) ठीक हैं और चिंता करने की जरूरत नहीं है।'

प्रधानमंत्री करीब 55 मिनट तक अस्पताल में रुके
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वाजपेयी के स्वास्थ्य की जानकारी लेने एम्स पहुंचे। आधिकारिक बयान के अनुसार, मोदी ने डॉक्टरों से भेंट कर वाजपेयी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। इस दौरान मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री के परिवार के सदस्यों से भी बातचीत की। प्रधानमंत्री करीब 55 मिनट तक अस्पताल में रुके।












Click it and Unblock the Notifications