मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने जन संघ कार्यकर्ताओं के पैर धोए
नई दिल्ली- मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री इनदिनों बीजेपी की सदस्यता अभियान को आगे बढ़ाने में पूरी ताकत से जुटे हुए हैं। रविवार को इसी सिलसिले में वे आंध्र प्रदेश के कई शहरों में पहुंचे थे। यहां विजयवाड़ा में उन्होंने जन संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के पैर धोए। जिन कार्यकर्ताओं के पैर शिवराज ने धोए उनमें जन संघ के सीनियर वर्कर श्री निवास राव भी शामिल हैं।

इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने निवास राव से भारतीय जनता की सदस्यता लेने का भी निवेदन किया। मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम ने उनसे कहा कि राष्ट्र की प्रगति और मेंबरशिप कैंपेन को सफल बनाने के लिए उनके जैसे लोगों को भाजपा में शामिल होना चाहिए।
बीजेपी सदस्यता अभियान के दौरान मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक नए भारत का उदय हो रहा है। उनके आह्वान पर हर देशवासी उनके साथ देश को बनाने के लिए उनके पीछे खड़ा है।
नरेंद्र मोदी ने आह्वान किया तो समर्थ लोगों ने गैस सिलेंडर की सब्सिडी छोड़ दी, जिससे करोड़ों बहनों को चूल्हा मिल सका। उन्होंने लोगों से स्वच्छता मिशन में भी शामिल होने की अपील की और सभी से जल बचाने की मुहिम में भी भाग लेने की अपील की।

विजयवाड़ा के बाद शिवराज गुंटुर भी पहुंचे और इस अभियान को लेकर बुद्धिजीवियों के एक सम्मेलन को भी संबोधित किया।


Click it and Unblock the Notifications
