बेटे को बचाने की गुहार करता रहा बाप, देवदूत बनकर आए पूर्व मरीन कमांडो, नहर में छलांग लगाकर बचाई जान
दिल्ली के गाजियाबाद में भारतीय सेवा नेवी के पूर्व मरीन कमांडो ने नहर में कूद कर डूब रहे एक युवक की जान बचाई है। मामला गाजियाबाद के इंदिरापुरम में गौर ग्रीन विस्ता सोसायटी के सामने हिंडन नहर का है। यहां एक युवक नहर में डूब रहा था। पूर्व मरीन कमांडो ने नहर किनारे लोगों की भीड़ देखी। इसके बाद उन्होंने नहर में छलांग लगा दी और युवक को बाहर खींच लिया। पुलिस को इस मामले की जानकारी नहीं हुई है।
दरअसल इंदिरापुरम के अभय खंड के मिलन विहार निवासी धनवीर सिंह नेगी भारतीय सेवा नेवी में पूर्व मरीन कमांडो रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि वे सोमवार शाम नोएडा से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गौर ग्रीन विस्ता सोसायटी के सामने हिंडन नहर के किनारे लोगों की भीड़ लगी हुई थी। उन्होंने अपनी बाइक रोककर इसकी वजह जानी।

इस दौरान एक ई-रिक्शा चालक ने रोते हुए उन्हें बताया कि नदी में डूब रहा युवक उनका बेटा है। ई-रिक्शा चालक ने उनसे बेटे को बचाने की गुहार लगाई। उन्होंने तुरंत अपनी शर्ट और जूते उतारे और हिंडन नहर में छलांग लगा दी। कुछ ही देर में वह हिंडन नहर में डूब रहे युवक को पड़कर बाहर खींच लाए। वहां मौजूद लोगों ने ताली बजाकर उनके इस कार्य को सराहा।
हालांकि धनवीर सिंह नेगी नहर में डूब रहे युवक का नाम, पता और घटना की वजह नहीं जान पाए। युवक की जान बचाने के बाद वह अपने घर की ओर निकल गए। इस मामले की इंदिरापुरम पुलिस को कोई भी सूचना नहीं मिली है। इंदिरापुरम पुलिस का कहना है कि युवक के बारे में पता किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications