'सेलिब्रिटी कानून से ऊपर नहीं', पूर्व क्रिकेटर यूसूफ पठान को गुजरात HC से तगड़ा झटका, जमीन मामले में आया आदेश
Yusuf Pathan Vadodara Land case: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद और पूर्व क्रिकेटर युसूफ पठान को गुजरात हाई कोर्ट से तगड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने युसूफ पठान की उस याचिका को खारिज कर दिया है जिसमें उन्होंने वडोदरा नगर निगम (VMC) के नोटिस को चुनौती दी थी। कोर्ट ने इस केस में सुनवाई करते हुए उनके घर के पास स्थित 978 वर्ग मीटर के प्लॉट को खाली करने की नोटिस जारी किया है।
साथ ही कोर्ट ने वडोदरा नगर निगम को इस मामले में कानून के अनुसार सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया है। सोमवार को न्यायमूर्ति मोना भट्ट की एकल-न्यायाधीश पीठ ने इस केस में फैसला सुनाया।

'सेलिब्रिटी कानून से ऊपर नहीं'
अदालत ने कहा, "एक राष्ट्रीय प्रतिनिधि और सार्वजनिक व्यक्ति के रूप में, पठान की कानून का पालन करने की जिम्मेदारी अधिक है। मशहूर हस्तियां, अपनी प्रसिद्धि और सार्वजनिक उपस्थिति के कारण, सार्वजनिक व्यवहार और सामाजिक मूल्यों पर गहरा प्रभाव डालती हैं। मशहूर हस्तियां कानून से ऊपर नहीं होती हैं, उन्हें कानूनी मामलों में छूट देना समाज को गलत संदेश देता है और न्यायिक प्रणाली में जनता के विश्वास को कमजोर करता है।"
क्या है ये विवाद?
यह विवाद 2012 में शुरू हुआ था, जब वडोदरा नगर निगम (VMC) ने तृणमूल सांसद को उस सरकारी जमीन को खाली करने के लिए नोटिस जारी किया था, जिस पर उन्होंने उसी साल से कब्जा कर रखा था। पठान ने इस नोटिस को चुनौती दी और गुजरात उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।
युसूफ पठान ने जमीन खरीदने की मांगी थी परमीशन
पठान ने इस मामले में VMC के खिलाफ याचिका दायर कर तांडालजा इलाके में उनके बंगले से सटे भूखंड पर नियंत्रण बनाए रखने की मांग की गई थी। हालांकि, अदालत ने उन्हें जमीन पर अनाधिकृत कब्जाधारी पाया। अपनी याचिका में, यूसुफ पठान ने कहा था कि उन्हें और उनके भाई, पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज इरफान पठान को अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जमीन खरीदने की अनुमति दी जानी चाहिए।
पठान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्धि का दिया था हवाला
याचिका में कहा गया था, "उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री से भी भूखंड खरीदने की अनुमति मांगी थी, इस आधार पर कि वह और उनके भाई इरफान पठान दोनों अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध खेल हस्तियां हैं और उनके परिवार की सुरक्षा को देखते हुए, भूखंड उन्हें आवंटित किया जाना चाहिए।"
संपत्ति पर कब्जा जारी रखा
नगर निमग अधिकारियों ने यूसुफ पठान के अनुरोध का मूल्यांकन किया और इसे राज्य सरकार को भेजा, जिसने अंततः 2014 में इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। इस आधिकारिक अस्वीकृति के बावजूद, उन्होंने संपत्ति पर कब्जा जारी रखा, जिससे आगे कानूनी कार्यवाही हुई, जिसका समापन हालिया उच्च न्यायालय के आदेश में हुआ।












Click it and Unblock the Notifications