झारखंड चुनाव : BJP ने लोहरदगा सीट से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष को बनाया प्रत्याशी
रांची। झारखंड में इस महीने होने वाला विधानसभा चुनाव दिनोंदिन दिलचस्प होता जा रहा है। बीजेपी ने प्रत्याशी के तौर पर सुखदेव भगत ने लोहरदगा सीट से उतारा है। बता दें कि, सुखदेव भगत झारखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष हैं। पहले चरण के चुनाव की सबसे चर्चित सीटों में से एक लोहरदगा से भाजपा ने सुखदेव भगत को उतारा है। इस सीट से मौजूदा विधायक सुखदेव अक्टूबर में कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए थे। भाजपा अब तक राज्य में कुल 81 में से 53 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। पहली सूची में भाजपा ने 52 उम्मीदवारों के टिकट घोषित किए थे।

अब लोहरदगा सीट पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष का मुकाबला मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव से होगा। रामेश्वर उरांव को कांग्रेस ने यहां से टिकट दिया है। वहीं, आजसू ने यहां से नीरू शांति भगत को खड़ा किया है। नीरू 2014 के चुनाव में आजसू से जीतने वाले कमल किशोर भगत की पत्नी हैं। आजसू ने उन्हें उपचुनाव में भी लड़ाया था मगर कांग्रेस प्रत्याशी सुखदेव भगत से हार का सामना करना पड़ा था।
पहले चरण में 13 विधानसभा सीटों पर चुनाव होने हैं, जिसके लिए नामांकन की आज अंतिम तारीख है। 13 सीटों में चतरा, गुमला, बिशुनपुर, लोहरदगा, लातेहार, मनिका, पांकी, डालटनगंज, विश्रामपुर, छतरपुर, हुसैनाबाद, गढ़वा और भावनाथपुर विधानसभा सीट शामिल है। इन सीटों पर 30 नवंबर को वोट डाले जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications