पंजाब में कांग्रेस की टेंशन के बीच परेशान हुए गोलकीपर अमरिंदर, कहा- 'मैं पूर्व सीएम नहीं, मुझे टैग मत करो'
नई दिल्ली, 30 सितंबर: पंजाब के मुख्यमंत्री पद से कुछ दिन पहले इस्तीफा देने वाले कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह इन दिनों काफी चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर भी उनकी लगातार चर्चा है। पत्रकार, मीडिया संस्थान और आम लोग लगातार उनको ट्विटर पर टैग करते हुए उनसे जुड़ी खबरें दे रहे हैं। इस सबमें बहुत सारे लोगों से एक गलती भी हो जा रही है। कई लोग राजनेता अमरिंदर सिंह की जगह फुटबॉलर अमरिंदर सिंह को टैग कर दे रहे हैं। कांग्रेस नेता की खबरों में खुद को टैग किए जाने से परेशान भारतीय फुटबॉल टीम के गोलकीपर ने आखिर ट्वीट कर इस ओर लोगों का ध्यान दिलाया है।

क्या है अमरिंदर सिंह का ट्वीट
भारतीय फुटबॉव टीम और एटीके मोहन बागान के गोलकीपर अमरिंदर सिंह ने गुरुवार को ट्वीट करते हुए लिखा है- न्यूज मीडिया और पत्रकार बंधुओं, मैं अमरिंदर सिंह, भारतीय फुटबॉल टीम का गोलकीपर हूं। मैं पंजाब राज्य का पूर्व मुख्यमंत्री नहीं हूं। मैं हाथ जोड़कर खुशी के आंसूओं के साथ आप सबसे गुजारिश करता हूं कि उनकी खबरों में मुझे टैग करना बंद करें।

वायरल हुआ अमरिंदर का ट्वीट, कैप्टन ने भी दिया जवाब
गोलकीपर अमरिंदर सिंह का ये ट्वीट काफी वायरल हो रहा है। कई लोगों ने इस पर मजाकिया कमेंट किए हैं। कई लोगों ने कहा है कि भाई अभी तो कैप्टन अमरिंदर सिंह के नई पार्टी बनाने की बधाईयां भी आपको ही स्वीकार करनी हैं, इतनी जल्दी क्यों हार मान रहे हो।
खुद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इस पर जवाब देते हुए लिखा है- मुझे आपके साथ सहानुभूति है, मेरे दोस्त। आपके आगे के खेलों के लिए शुभकामनाएँ। बता दें कि गोलकीपर अमरिंदर सिंह भी पंजाब से ही हैं और भारतीय फुटबॉल का जाना पहचाना चेहरा हैं। नाम मिलने की वजह से कई लोगों ने कैप्टन अमरिंजर सिंह की वजह से उनको टैग कर दिया।

कैप्टन अमरिंदर क्यों चर्चा में
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 19 सितंबर को पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने के बाद वो कांग्रेस आलकमान पर लगातार हमले बोल रहे हैं। उन्होंने दिल्ली में भाजपा नेताओं से भी बात की है। ऐसे में उनके अलग पार्टी बनाने या भाजपा के करीब जाने की चर्चाएं जोरो पर हैं। लंबे समय तक कांग्रेस में रहे कैप्टन के इस रुख पर मीडिया की निगाहें हैं, ऐसे में वो लगातार सोशल मीडिया पर भी ट्रेंड में हैं।












Click it and Unblock the Notifications