बिहार में बाढ़ से बिगड़े हालात, पीएम मोदी से मिले नीतीश कुमार
नई दिल्ली। बिहार में बाढ़ से बिगड़े हालात के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। उन्होंने राज्य में बाढ़ के हालात की जानकारी प्रधानमंत्री को दी।

पीएम मोदी से मिले नीतीश कुमार
बिहार राज्य में बाढ़ ने तबाही मचा रखी है। करीब पांच लाख लोग इससे प्रभावित बताए जा रहे हैं। इनमें करीब दो लाख लोग ऐसे हैं जिनका घर भी इस बाढ़ में डूब गया है। फसलें बर्बाद हुई हैं।
राज्य में बाढ़ से हालात इसकदर बिगड़ गए कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिल्ली पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। उन्होंने राज्य में बाढ़ की स्थिति से प्रधानमंत्री को अवगत कराया। प्रधानमंत्री मोदी ने भी उन्हें केंद्र से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद नीतीश कुमार ने बताया कि बाढ़ से प्रदेश के 20 से ज्यादा जिले प्रभावित हैं। हालांकि इससे होने वाले नुकसान की पूरी जानकारी अभी नहीं है। जल्द ही नुकसान का पूरा आंकड़ा बताया जाएगा।
बिहार में बाढ़ से करीब पांच लाख लोग प्रभावित
बिहार में सोन और गंगा नदी उफान पर हैं। दोनों नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बताया जा रहा है कि बाढ़ में अबतक 20 लोगों की जान जा चुकी है। केंद्र सरकार की ओर से 10 एनडीआरएफ की टीमें बिहार और उत्तर प्रदेश के बाढ़ प्रभावित इलाकों में भेजा है, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा सके।
प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्र सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित राज्यों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। खुद गृहमंत्री राजनाथ सिंह बाढ़ प्रभावित राज्यों का जायजा ले रहे हैं। उनकी निगाहें बाढ़ प्रभावित इलाकों के हालात पर बनी हुई हैं।
बता दें कि बिहार के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और मध्य प्रदेश में बाढ़ के चलते हालात बहुत खराब हैं। मध्य प्रदेश में भी पांच लाख के करीब लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।












Click it and Unblock the Notifications