Flight Cancelled: बर्फबारी और बारिश से फ्लाइट कैंसिल, घंटों लेट चल रहीं ट्रेनें, यात्रा से पहले चेक करें अपडेट
Flight Cancelled: अगर आप इस गणतंत्र दिवस के लॉन्ग वीकेंड पर हिमाचल, उत्तराखंड या कश्मीर की बर्फीली वादियों में सुकून के पल बिताने की सोच रहे हैं, तो सावधान हो जाइए। उत्तर भारत में मौसम ने ऐसी करवट ली है कि आपकी छुट्टियों का 'जन्नत' वाला सफर 'मुसीबतों' की डगर बन सकता है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटों के लिए पहाड़ी राज्यों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। श्रीनगर, शिमला, जयपुर से लेकर दिल्ली तक मौसम की मार दिख रही है।

भारी बर्फबारी और बारिश के कारण कई फ्लाइट्स कैंसिल हो गई हैं। मैदानी भागों में ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं। पढ़ें अब तक के ताजा अपडेट...
Srinagar Airport Flights Cancelled: 'धरती की जन्नत' में कैद हुए सैलानी, टेक-ऑफ और लैंडिंग बंद
पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ का असर इतना तीव्र है कि जन्नत कही जाने वाली कश्मीर घाटी का संपर्क टूट गया है। श्रीनगर एयरपोर्ट ठप हो गया है। खराब विजिबिलिटी और रनवे पर जमी बर्फ के कारण शनिवार, 24 जनवरी को श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 26 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इंडिगो और स्पाइसजेट जैसी एयरलाइंस ने यात्रियों को एयरपोर्ट आने से पहले स्टेटस चेक करने की सलाह दी है।
इंडिगो और स्पाइसजेट ने आधिकारिक एडवाइजरी जारी कर बताया है कि भारी बर्फबारी के कारण श्रीनगर में टेक-ऑफ और लैंडिंग दोनों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। एयरलाइंस ने यात्रियों से कहा है कि वे अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करने के बाद ही घर से निकलें, क्योंकि श्रीनगर जाने और वहां से आने वाली सभी उड़ानें बुरी तरह प्रभावित हैं।
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) भारी बर्फबारी और फिसलन के कारण दूसरे दिन भी बंद रहा। ऊंचाई वाले इलाकों में 3 फुट तक बर्फ जमने से बिजली के खंभे गिर गए हैं और पानी की पाइपलाइनें जाम हो गई हैं।
Himachal Roads Closed : 535 सड़कें बंद, करोड़ों का नुकसान
हिमाचल में सीजन की पहली भारी बर्फबारी तबाही लेकर आई है। भारी बर्फबारी के कारण सड़कों का जाल टूटा गया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) के अनुसार, प्रदेश में 4 नेशनल हाईवे सहित कुल 535 सड़कें बंद हैं। सबसे बुरा हाल लाहौल-स्पीति और चंबा का है।
मनाली की सड़कें और गाड़ियां सफेद चादर में ढकी हैं, लेकिन फिसलन के कारण कुल्लू-मनाली मार्ग पर वाहनों की आवाजाही जोखिम भरी हो गई है। राज्य को अब तक करीब 6 करोड़ रुपये की सार्वजनिक संपत्ति का नुकसान हो चुका है।
जयपुर एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी: स्वामी रामदेव भी फंसे
चंडीगढ़ और दिल्ली में विजिबिलिटी कम होने के कारण जयपुर में उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। इंडिगो की जयपुर-चंडीगढ़ फ्लाइट (6E-7717) को खराब मौसम के चलते रद्द करना पड़ा। वहीं, मुंबई और चेन्नई से चंडीगढ़ जा रही इंडिगो की फ्लाइट्स को जयपुर डायवर्ट किया गया। भुवनेश्वर से दिल्ली जा रही फ्लाइट (6E-6525) को भी जयपुर उतारना पड़ा।
अयोध्या से दिल्ली जा रहे योग गुरु स्वामी रामदेव की चार्टर फ्लाइट को भी खराब मौसम के कारण दिल्ली के बजाय जयपुर डायवर्ट किया गया। स्वामी रामदेव ने करीब एक घंटा एयरपोर्ट पर इंतजार किया और बाद में रात जयपुर में ही रुकने का फैसला किया। उनका चार्टर शनिवार सुबह दिल्ली के लिए रवाना होगा।
IMD Weather Alert: ट्रैवल एडवाइजरी: क्या करें पर्यटक?
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ 26 जनवरी की शाम से दोबारा सक्रिय होगा। ऐसे में विशेषज्ञों की सलाह है:
- यात्रा टालें: अगर बहुत जरूरी न हो, तो अगले 3-4 दिनों के लिए पहाड़ी यात्रा टाल दें।
- फ्लाइट/ट्रेन स्टेटस: घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट या ट्रेन का रियल-टाइम स्टेटस जरूर देखें।
- सड़क मार्ग: बंद रास्तों और लैंडस्लाइड के खतरे को देखते हुए रात के समय पहाड़ी रास्तों पर गाड़ी न चलाएं।












Click it and Unblock the Notifications