असम और पश्चिम बंगाल में पहले दौर का मतदान शुरू
कोलकाता। सोमवार को असम और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के पहले चरण के लिए वोटिंग की शुरुआत हो गई है। असम में 126 में से 65 सीटों के लिए मतदान हो रहा है तो वहीं, बंगाल में 294 में से 18 सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं।

पश्चिम बंगाल में जंगलमहल इलाका में वोटिंग की वजह से इस दौर के मतदान की अहमियत बढ़ गई है। असम में पहले दौर में जिन सीटों पर मतदान हो रहा है उसमें मुख्यमंत्री तरुण गोगोई की तीताबर सीट के अलावा बीजेपी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार सर्बानंद सोनोवाल की माजुली सीट भी शामिल है। बंगाल में मुख्यमंत्री ममता की साख दांव पर है।
केंद्र की बीजेपी सरकार ने इस बार असम में असम गण परिषद (अगप) के अलावा बोडो पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के साथ हाथ मिलाया है। पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अध्यक्ष अमित शाह के अलावा राजनाथ सिंह, स्मृति ईरानी और दूसरे कई नेताओं ने चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया था।
वहीं कांग्रेस से सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने यहां का दौरा किया था। वर्ष 2011 में असम में हुए विधानसभा चुनावों में ज्यादातर सीटें कांग्रेस के हिस्से आई थीं। इस बार कांग्रेस की स्थिति राज्य में डावांडोल लग रही है।
असम में इसी चरण में बांग्लादेश की सीमा से सटी उस बराक घाटी की 15 सीटों के लिए भी वोट डाले जाएंगे जिनकी सरकार गठन में अहम भूमिका होगी।












Click it and Unblock the Notifications