INDIA Alliance: इंडिया गठबंधन समन्वय समिति की पहली बैठक, 13 सितंबर को दिल्ली में शरद पवार के आवास पर होगी
INDIA Alliance: लोकसभा चुनाव 2024 में बीजेपी के एनडीए गठबंधन को टक्कर देने के लिए विपक्षी एकता ने इंडिया एलायंस का गठजोड़ किया है। ऐसे में तीन महाबैठकों के बाद इंडिया की समन्वय समिति की पहली बैठक 13 सितंबर को होगी।
न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि बैठक राजधानी दिल्ली में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख शरद पवार के आवास पर होगी।

हाल ही में एक सितंबर को मुंबई में हुई कांग्रेस सहित 26 दलों के इंडिया गठबंधन की बैठक में समन्वय समिति की घोषणा की गई थी। जिसके बाद अब उसकी पहली बैठक का भी ऐलान कर दिया गया है।
इस बीच, इंडिया गठबंधन की अभियान समिति मंगलवार शाम 5:00 बजे मिलाप बिल्डिंग में अपनी पहली बैठक करेगी। पिछले सप्ताह की शुरुआत में गठबंधन ने अपनी पहले से ही 19 सदस्यीय अभियान समिति में दो और सदस्यों को शामिल किया, जिससे कुल संख्या 21 हो गई। नए सदस्य डीएमके के तिरुचि शिवा और पीडीपी के मेहबूब बेग थे।
दरअसल, इंडिया गठबंधन ने चुनावी रणनीति और देश के आम लोगों तक अपनी पहुंच बनाने के लिए पांच अलग-अलग समितियों का गठन किया है, जिसमें समन्वय समिति और चुनाव प्रचार समिति सबसे अहम है।
बता दें कि गठबंधन की समन्वय समिति में अलग-अलग दलों के नेताओं को शामिल किया गया है, जिसमें कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल, एनसीपी चीफ शरद पवार, डीएमके नेता टीआर बालू, झारखंड मुक्ति मोर्चा और सीएम हेमंत सोरेन, शिनसेना यूटीबी के नेता संजय राउत, बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव सहित कई नेताओं को सदस्य बनाया गया है।
मालूम हो कि इंडिया गठबंधन की तीसरी बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर को मुंबई में आयोजित हुई थी, जिसमें एलायंस ने अपनी वर्किंग कमेटियों में कुछ नए सदस्यों को शामिल किया था। साथ ही 14 सदस्यीय केंद्रीय समन्वय समिति और 19 सदस्यीय कैंपेन कमेटी का ऐलान किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications