महाराष्ट्र में डेल्टा प्लस वेरिएंट से अब तक तीन लोगों की मौत, मुंबई में 63 वर्षीय महिला ने तोड़ा दम
महाराष्ट्र में अब कोरोना वायरस के डेल्टा प्लस वेरिएंट ने एक और दहशत पैदा कर दी है।
नई दिल्ली, 13 अगस्त: कोरोना वायरस महामारी की तीसरी लहर की आशंका के बीच मुंबई में डेल्टा प्लस वेरिएंट से पहली मौत दर्ज की गई है। महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, घाटकोपर में रहने वाली एक 63 वर्षीय महिला बीते 21 जुलाई को कोरोना वायरस के इस नए वेरिएंट से संक्रमित हुई थी, जिसके बाद 27 जुलाई को महिला ने दम तोड़ दिया। इसके अलावा रायगढ़ जिले में 69 वर्षीय एक शख्स की मौत डेल्टा प्लस वेरिएंट के कारण हुई है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में डेल्टा प्लस वेरिएंट की वजह से अब तक तीन मौत हो चुकी हैं। इससे पहले बीते 13 जून को रत्नागिरी जिल में एक 80 वर्षीय महिला की मौत भी डेल्टा प्लस वेरिएंट के कारण हुई थी।
Recommended Video

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, मुंबई में जिस महिला की मौत डेल्टा प्लस वेरिएंट के कारण हुई है, उसे डायबिटीज सहित स्वास्थ्य संबंधी कुछ और परेशानियां भी थीं। महिला कोरोना वायरस वैक्सीन की दोनों खुराक ले चुकी थी और मुंबई के उन 7 मरीजों में शामिल थी, जिनके अंदर डेल्टा प्लस वेरिएंट की पुष्टि हुई है। इस महिला के सैंपल से जीनोम सीक्वेंसिंग के नतीजे 11 अगस्त को महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के पास पहुंचे, जिसके बाद बीएमसी को जानकारी दी गई कि महिला कोरोना वायरस के डेल्टा प्लस वेरिएंट से संक्रमित हुई थी।
महिला के दो और करीबी लोगों में डेल्टा प्लस की पुष्टि
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि महिला की कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं थी और उनके दो और करीबी लोगों में डेल्टा प्लस वेरिएंट की पुष्टि हुई है। महिला ऑक्सीजन सपोर्ट पर थी और इलाज के दौरान स्टेरॉयड और रेमडेसिविर का इंजेक्शन भी दिया गया था। स्वास्थ्य अधिकारी डॉ महेंद्र खंडाडे ने बताया कि महिला को पहले विक्रोली के गोदरेज मैमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई। इसके बाद परिजनों ने उन्हें ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में एडमिट कराया, जहां उन्होंने 27 जुलाई को दम तोड़ दिया।
महाराष्ट्र में अब तक डेल्टा प्लस के 65 केस मिले
इसके अलावा महाराष्ट्र में बुधवार को कोरोना वायरस डेल्टा प्लस वेरिएंट के 20 नए मामले सामने आए, जिसके बाद राज्य में कुल केस बढ़कर 65 हो गए हैं। बुधावर को मिले 20 नए मरीजों में से 7 केस मुंबई, 6 केस पुणे और 6 केस ठाणे में दर्ज किए गए।












Click it and Unblock the Notifications