Gujarat: MBBS छात्र की घंटों रैगिंग से मौत, 15 सीनियर्स के खिलाफ FIR, पाटन के धारपुर मेडिकल कॉलेज की घटना
Gujarat Ragging News: गुजरात के पाटन जिले में पुलिस ने 18 वर्षीय एमबीबीएस फर्स्ट ईयर के छात्र अनिल मेथानिया की मौत के बाद 15 मेडिकल छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सभी आरोपी सेकंड ईयर के छात्र हैं, जिन्होंने कथित तौर पर मेथानिया और अन्य जूनियर्स को बुरी तरह से रैगिंग ली थी, जिसके कारण स्टूडेंट की मौत हो गई। यह घटना शनिवार की रात को हुई, जब पीड़ित को तीन घंटे से अधिक समय तक खड़े रहने के लिए मजबूर किया गया।
एफआईआर में बताया गया है कि आरोपी छात्रों ने अपने जूनियर्स को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। उन्हें हॉस्टल के कमरे में बंधक बनाकर गाने, नाचने और गाली-गलौज करने के लिए मजबूर किया गया। आरोपों में गैर इरादतन हत्या और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अन्य अपराध शामिल हैं।

इस घटना के दौरान मेथानिया की तबीयत खराब हो गई। आधी रात के आसपास वह बेहोश हो गया और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। दुर्भाग्य से डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद आरोपियों को धारपुर के जीएमईआरएस मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में छात्रावास और शैक्षणिक गतिविधियों से निलंबित कर दिया गया है।
एंटी रैगिंग कमेटी करेगी जांच
कॉलेज के डीन डॉ. हार्दिक शाह ने पुष्टि की कि सीनियर्स द्वारा रैगिंग के कारण घंटों खड़े रहने के बाद मेथानिया बेहोश हो गया। डॉ. शाह के नेतृत्व में कॉलेज की एंटी-रैगिंग कमेटी ने घटना के बारे में जानकारी जुटाने के लिए 26 छात्रों (11 प्रथम वर्ष के और 15 द्वितीय वर्ष के) से बातचीत की गई।
समिति ने पाया कि प्रथम वर्ष के 11 छात्र इन द्वितीय वर्ष के छात्रों द्वारा रैगिंग के शिकार हुए थे। इस खुलासे के बाद कॉलेज के अतिरिक्त डीन डॉ. अनिल भठीजा ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
सोमवार को आधी रात के बाद बलिसाना पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई एफआईआर के अनुसार, शनिवार रात को मेथानिया और उसके सहपाठियों को उनके सीनियर्स ने "परिचय" सत्र के लिए बुलाया था। यह सत्र करीब साढ़े तीन घंटे तक चलने वाला एक भयावह अनुभव बन गया।
अधिकारी इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं और रैगिंग के इस दुखद मामले की आगे जांच कर रहे हैं। कॉलेज ने छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना शैक्षणिक संस्थानों में रैगिंग के गंभीर परिणामों को उजागर करती है। यह देश भर के परिसरों में रैगिंग विरोधी उपायों को सख्ती से लागू करने की आवश्यकता की गंभीर याद दिलाती है।












Click it and Unblock the Notifications