'ये तो शत्रुघ्न सिन्हा पार्ट 2 बन गए...', अग्निपथ स्कीम की वरुण गांधी ने की आलोचना तो फिल्ममेकर ने कही ये बात
'ये तो शत्रुघ्न सिन्हा पार्ट 2 बन गए हैं...', 'अग्निपथ' स्कीम की वरुण गांधी ने की आलोचना तो फिल्ममेकर ने कही ये बात
नई दिल्ली, 17 जून: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा सेना में भर्ती होने की अग्निपथ स्कीम की कई नेताओं ने आलोचना की है। भाजपा के पीलीभीत सांसद वरुण गांधी ने भी गुरुवार को कहा कि केंद्र की अग्निपथ योजना युवाओं में असंतोष को जन्म देगी और उनके लिए करियर निर्माण में बाधा उत्पन्न करेगी। उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से अग्निपथ के मसौदे को संशोधित करने और बेरोजगार युवाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की भी बात की है। वरुण गांधी को अब फिल्ममेकर अशोक पंडित ने जवाब दिया है और उन्हें शत्रुघ्न सिन्हा पार्ट 2 बताया है।

'अग्निपथ युवाओं के करियर में बाधा'
पीलीभीत जिले के पूरनपुर में एक बैंक्वेट हॉल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए वरुण गांधी ने कहा, ''बेरोजगार युवाओं के लिए अग्निपथ योजना का लाभ क्षणिक होगा क्योंकि भर्ती किए गए युवाओं में से 75% को चार साल की सेवा के बाद फिर से बेरोजगारी से जूझने के लिए छोड़ दिया जाएगा।'' वरुण गांधी ने कहा कि ये एक युवाओं के करियर में बाधा है।''

'ये तो शत्रुघ्न सिन्हा और यशवंत सिन्हा पार्ट 2 बन गए हैं...'
फिल्ममेकर अशोक पंडित वरुण गांधी के इस बयान पर ट्वीट कर प्रतिक्रिया दी है। फिल्ममेकर अशोक पंडित ने टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर को शेयर करते हुए लिखा, ''ये तो शत्रुघ्न सिन्हा और यशवंत सिन्हा पार्ट 2 बन गए हैं...।''
अपने एक अन्य ट्वीट में अशोक पंडित ने लिखा, ''काश बुलडोजर रुकवाने की अपील सुप्रीम कोर्ट में डालने वालों ने, एक बार भटके हुए युवाओं से पत्थर न उठाने की अपील की होती तो बेहतर होता और समाज में अच्छा मैसेज जाता।''

'धोखाधड़ी के आरोप में जो जेल में बंद थे वो अग्निपथ पर ज्ञान दे रहा है...'
फिल्ममेकर अशोक पंडित ने कांग्रेस के नेता पी. चिदंबरम पर भी निशाना साधा है। अशोक पंडित ने ट्वीट कर लिखा, ''धोखाधड़ी के आरोप में जो जेल में बंद थे, वो अग्निपथ पर ज्ञान दे रहे हैं। कांग्रेस का भी कमाल है।'' बता दें कि पी. चिदंबरम ने कहा है कि अग्निपथ योजना विवादास्पद है। ये जोखिम उठाने जैसा है। ये योजना सशस्त्र बलों की पुरानी परंपराओं और लोकाचार को नष्ट करती है और इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि भर्ती किए गए सैनिक देश की रक्षा के लिए बेहतर प्रशिक्षित और प्रेरित होंगे।''

'यह वो राजे-महराजे हैं...जिनकी राज पाठ...'
अभिनेता रणवीर शौरी के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए फिल्ममेकर अशोक पंडित ने ट्वीट किया, 'यह वो राजे-महाराजे हैं जिनका राज पाठ छीन जाने के बाद भंवरा गए हैं ! टूलकिट के सहारे देश में अराजकता फैलाने में लगे हुए हैं!''
रणवीर शौरी ने ट्वीट कर कहा है, ''कृषि कानून से लेकर अग्निपथ तक...वे देश की मदद करने वाले हर महत्वपूर्ण बदलाव का विरोध करेंगे। विरोध प्रदर्शन तब तक नहीं रुकेंगे जब तक कि विपक्षी दल हर बेरोजगार लोगों को सड़कों पर नहीं उतार देता। महत्वपूर्ण बदलाव के बिना बेरोजगारी खत्म नहीं होगी।''

KRK ने भी किया तंज
बॉलीवुड एक्टर और स्वघोषित फिल्म क्रिटिक्स कमाल राशिद खान ने भी अग्निपथ योजना पर तंज किया। केआरके ने ट्वीट किया, ''देश के नौ जवानो की तरह, सभी MLA और MP भी सत्यपथ योजना के तहत सिर्फ 5 साल के लिए ही नियुक्त किए जाएंगे! उसके बाद रिटायरमेंट दे दी जाए। पेंशन भी बंद की जाएगी।''












Click it and Unblock the Notifications