रजनीकांत सहित तमाम बड़े एक्टर संग किया काम, अब कैंसर से जूझ रहा एक्टर, मदद की लगाई गुहार
नई दिल्ली। दक्षिण सिनेमा के एक्टर थावसी कैंसर की बीमारी से जूझ रहे हैं और आर्थिक तंगी के चलते वह अपना इलाज नहीं करा पा रहे हैं। थावसी का एक वीडियो सामने आया है जिसमे वह कैंसर के इलाज के लिए आर्थिक मदद मांग रहे हैं। यह वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है, वीडियो में देखा जा सकता है कि थावसी का कैंसर की वजह से वजन काफी कम हो गया है और वह बहुत कमजोर नजर आ रहे हैं।

रजनीकांत की फिल्म में भी किया काम
थावसी का जो वीडियो सामने आया है उसमे वह कहते हैं कि मैंने 1993 में फिल्म किजाकू चीमायिले से लेकर रजनीकांत की हालिया रिलीज फिल्म अन्नाथे में काम किया है। मैंने कभी यह नहीं सोचा था कि मुझे यह बीमारी होगी। थावसी वीडियो के जरिए एक्टर रजनीकांत सहित फिल्म जगत के लोगों से आर्थिक मदद मांग रहे हैं। थावसी की हालत की जानकारी मिलने के बाद खुद रजनीकांत ने उन्हें फोन करके उनके स्वास्थ की जानकारी ली। लेकिन जिस तरह की आर्थिक दशा और तंगी की हालत से थावसी गुजर रहे हैं उससे यह साफ जाहिर होता है कि इंडस्ट्री में छोटे कलाकार किम मुश्किलों का सामना करते हुए अपना जीवन यापन करते हैं। ये लोग पूरी जिंदगी फिल्मों में छोटे कलाकार के तौर पर काम करते रह जाते हैं। इन्हें पूरी जिंदगी यही उम्मीद होती है कि एक दिन उन्हें बड़ा ब्रेक मिलेगा और उनकी जिंदगी में सबकुछ पलट जाएगा।

इस एक्टर ने मदद के लिए बढ़ाया हाथ
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने तमाम सेलेब्रिटी से अपील की है कि वह एक्टर की मदद करें, जोकि इंडस्ट्री में 30 साल से हैं और कई फिल्मों में काम कर चुके हैं। रिपोर्ट के अनुसार एक्टर शिवाकार्तिकेयन ने थावसी की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है और उन्होंने थावसी के मेडिकल बिल्स का भुगतान करने की बात कही है। बता दें कि थावसी ने शिवाकर्तिकेयन की सुपरहिट कॉमेडी फिल्म वरूथपदाता वालिबर संगम (2013) में एक छोटा सा रोल किया था।

विधायक ने कराया भर्ती
यही नहीं रिपोर्ट के अनुसार तिरुपारंकुंदरम के विधायक डॉक्टर पी सरवनन ने भी थावसी से संपर्क किया है और उन्हें मदद का भरोसा दिया है। उन्होंने थावसी के इलाज का इंतजाम कराया। फिलहाल थावसी को मदुरै स्थित सरवना मल्टी स्पेशियलटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह अस्पताल खुद विधायक ही चलवा रहे हैं। सरवनन ने बताया कि थावसी की हालत अब पहले से ठीक है और उनके इलाज का खर्च सूर्या ट्रस्ट उठा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications