VIDEO: महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री के पिता ने स्कूल कर्मचारी को मारा थप्पड़
मुंबई। महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री रंजीत पाटिल के पिता वी एन पाटिल का एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने स्कूल के एक कर्मचारी को थप्पड़ मारा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है। खुद वी एन पाटिल भी पूर्व एमएलसी हैं। यह घटना महाराष्ट्र के अकोला जिले के एक स्कूल की है, जहां पर उन्होंने एक स्कूल कर्मचारी को थप्पड़ मारा।

वी एन पाटिल का फाउंडेनशन एक स्कूल चलाता है। जिले में ही चलने वाले एक अन्य स्कूल में वी एन पाटिल निरीक्षण करने पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक वह यह पता करना चाहते थे कि आखिर उस स्कूल में अधिक बच्चे क्यों आते हैं और उनके स्कूल में कम बच्चे क्यों आते हैं। इसी निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूल के एक कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया।
जब वहां के कर्मचारियों में से एक ने उनके इस निरीक्षण का वीडियो बनाना शुरू किया तो वह गुस्सा हो गए। इसी गुस्से में आकर उन्होंने एक कर्मचारी को थप्पड़ मारा है। हालांकि, रंजीत पाटिल ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया है कि उनके पिता ने इस बात से मना किया है कि उन्होंने किसी को भी थप्पड़ मारा है। हालांकि, उन्होंने यह माना है कि उनके पिता के खिलाफ पुलिस केस दर्ज कराया गया है। वह बोले कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही सच सबके सामने आ जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications