पीएम मोदी ने किसानों के खाते में ट्रांसफर किए 18 हजार करोड़, शाह और राजनाथ बोले- खत्म नहीं होगी MSP
नई दिल्ली। किसान आंदोलन (Farmers Protest) के बीच शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM Kisan Samman Nidhi) के तहत मिलने वाले 18 हजार करोड़ रुपए के वित्तीय लाभ की किस्त जारी कर दी है। पीएमओ की ओर से जारी बयान के मुताबिक पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए नौ करोड़ से अधिक किसान लाभार्थियों को वित्तीय सहायता की सौगात दी। कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने छह राज्यों के किसानों को संबोधित भी किया। बता दें कि कृषि कानूनों को लेकर जारी आंदोलन के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP)आज देश के अलग-अलग हिस्सों में किसान चौपाल का आयोजन किया है।

बीजेपी के इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah), रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh), वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) जैसे केंद्रीय मंत्रियों ने किसानों को संबोधित किया। शुक्रवार को दिल्ली के द्वारका में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और महरौली में गृह मंत्री अमित शाह ने किसानों को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर हमला किया। राजनाथ सिंह ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों के लिए तीन कानून बनाए गए हैं। लेकिन आज कुछ लोगों के द्वारा गलतफहमी पैदा की जा रही है कि MSP खत्म कर दी जाएगी। मैं किसानों को वचन दे रहा हूं कि किसी भी कीमत पर MSP खत्म नहीं होगी।
रक्षा मंत्री ने आगे कहा, 'मैं अटल बिहारी जी के साथ चौधरी चरण सिंह जी को भी याद करना चाहूंगा, वे किसानों के सर्वमान्य नेता थे। चौधरी चरण सिंह जी को कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी ने बार-बार धोखा दिया, जब वे UP के CM थे तो उस समय भी उनकी सरकार को गिराने का काम इन्ही दोनों पार्टियों ने किया।' उन्होंने कहा कि यह गलत धारणा है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य समाप्त हो जाएगा।
वहीं दिल्ली के महरौली से गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'जब नरेंद्र भाई प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना लेकर आए तब राहुल बाबा समेत विपक्ष के सारे नेता कहते थे कि किसानों का ऋण माफ करो। कांग्रेस की सरकार ने 10 साल में 60,000 करोड़ का ऋण माफ किया। नरेंद्र मोदी ने ढाई साल में ही 95,000 करोड़ सीधे किसानों के अकाउंट में डलवा दिए।' गृह मंत्री ने कहा, 'पीएम मोदी एक बटन के एक क्लिक से आज 9 करोड़ से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 18,000 करोड़ रुपए की अगली किस्त जारी कर दी है। वह किसानों के सच्चे शुभचिंतक हैं।'
उधर, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर किसानों के खाते में 18 हजार करोड़ रुपए की पहली किस्त भेजने के बाद पीएम मोदी ने 6 राज्यों के किसान संगठनों से बात की। पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग ऐसा भ्रम फैला रहे हैं कि आपकी फसल का कोई कांट्रैक्ट करेगा तो जमीन भी चली जाएगी। इतना झूठ बोल रहे हैं। पीएमो ने बताया, 'आज देश के 9 करोड़ से ज्यादा किसान परिवारों के बैंक खाते में सीधे, एक क्लिक पर 18 हजार करोड़ रुपए जमा हुए हैं। जब से ये योजना शुरू हुई है, तब से 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा किसानों के खाते में पहुंच चुके हैं।'
यह भी पढ़ें: दिल्ली बॉर्डर पर किसान आंदोलन का 30वां दिन, प्रदर्शनकारियों को प्रशासन ने मनाया, KMP एक्सप्रेस-वे खुला












Click it and Unblock the Notifications