शिवसेना-बीजेपी की खींचतान के बीच इस किसान ने लिखी राज्यपाल को चिट्ठी, कहा- तब तक मुझे सीएम बना दीजिए
मुंबई। महाराष्ट्र में सरकार के गठन को लेकर भाजपा और शिवसेना के बीच खींचतान जारी है और दोनों दलों के बीच अभी भी बात नहीं बन पाई है। वहीं, सरकार के गठन को लेकर जारी गतिरोध के बीच महाराष्ट्र के बीड जिले के एक किसान ने राज्य का मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जाहिर की है। किसान श्रीकांत विष्णु गडाले ने बीजेपी-शिवसेना के बीच मतभेद सुलझने और अगली सरकार के गठन होने तक महाराष्ट्र का सीएम बनने की इच्छा जताई है।
Recommended Video

किसान ने लिखी राज्यपाल को चिट्ठी
केज तालुका के वडमौली के रहने वाले किसान श्रीकांत विष्णु गडाले ने बीड कलेक्टर कार्यालय को पत्र लिखकर अपनी इच्छा जाहिर की है। किसान ने पत्र में लिखा है, 'प्राकृतिक आपदाओं ने राज्य में पकी फसलों को नुकसान पहुंचाया है, किसान इन आपदाओं को लेकर परेशान हैं। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनावों के परिणाम आने के बाद शिवसेना और बीजेपी मुख्यमंत्री पद के मुद्दे को सुलझा पाने में अक्षम है तो इसलिए मुद्दा सुलझने तक राज्यपाल को मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी मुझे दे देनी चाहिए।'
'सीएम पद पर बीजेपी-शिवसेना की सुलह होने तक मुझे बनाएं मुख्यमंत्री'
विष्णु गडाले ने पत्र में लिखा है, 'मैं किसानों की समस्याएं सुलझाऊंगा और उन्हें न्याय दूंगा।' बता दें कि विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 105 सीटों पर जीत मिली थी जबकि शिवसेना के खाते में 56 सीटें आई हैं। दोनों दलों ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। लेकिन नतीजे आने के बाद शिवसेना के तेवर बदले हुए हैं और पार्टी सीएम पद की मांग कर रही है। शिवसेना के इस रवैए ने बीजेपी को मुश्किल में डाल दिया है।

शिवसेना सीएम पद की मांग पर अड़ी
उधर, देवेंद्र फडणवीस सहित तमाम बीजेपी नेताओं का कहना है कि उनकी पार्टी सीएम पद को लेकर कोई समझौता नहीं करेगी। शिवसेना लगातार अपनी मांगों को लेकर बीजेपी पर दबाव बना रही है, लेकिन बीजेपी शिवसेना की फिफ्टी-फिफ्टी वाली शर्त मानने को तैयार नहीं है। देवेंद्र फडणवीस ने पहले ही साफ कर दिया है कि पार्टी सीएम पद से कोई समझौता नहीं करेगी। उनका कहना है कि शिवसेना के साथ सीएम पद को लेकर कोई डील नहीं हुई थी, जबकि शिवसेना बीजेपी पर वादाखिलाफी का आरोप लगा रही है। इसी खींचतान के कारण अब तक राज्य में नई सरकार के गठन को लेकर पेंच फंसा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications