केरल के राज्यपाल आरिफ खान ने दी विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मंजूरी, कृषि कानूनों पर होगी चर्चा
केरल के राज्यपाल आरिफ खान ने दी विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मंजूरी, कृषि कानूनों पर होगी चर्चा
नई दिल्ली। केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने राज्य विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मंजूरी दे दी है। राज्यपाल ने 31 दिसंबर को विशेष सत्र बुलाने की अनुमति दी है। केरल सरकार बीते हफ्ते केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों पर चर्चा के लिए विशेष सत्र चाहती थी लेकिन आरिफ मोहम्मद खान ने सत्र की मंजूरी देने से मंगलवार को इंकार कर दिया था। इसको लेकर काफी विवाद के बाद अब उन्होंने सत्र की मंजूरी दी है।

केरल की पिनराई विजयन के नेतृत्व वाली एलडीएफ सरकार बीते हफ्ते बुधवार को विशेष सत्र आयोजित करना चाहती थी। जिसके लिए राज्यपाल आरिफ खान ने अपनी मंजूरी नहीं दी और सत्र आयोजित नहीं हो सका। इसको लेकर राज्य सरकार की ओर से राज्यपाल पर जानबूझकर काम ना करने देने के आरोप भी लगाए गए। राज्य सरकार केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों पर चर्चा करने के लिए विशेष सत्र आयोजित करना चाहती है। विधानसभा में सत्र के दौरान कृषि कानूनों के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया जा सकता है। केरल की सरकार ने केंद्र के नए कृषि कानूनों का कड़ा विरोध किया है और इनको सुप्रीम कोर्ट में भी चुनौती देने की बात कही है।
बता दें कि केंद्र सरकार तीन नए कृषि कानून लेकर आई है, जिनमें सरकारी मंडियों के बाहर खरीद, अनुबंध खेती को मंजूरी देने और कई अनाजों और दालों की भंडार सीमा खत्म करने समेत कई प्रावधान किए गए हैं। इसको लेकर किसान जून के महीने से ही लगातार आंदोलनरत हैं और इन कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। बीते एक महीने दिल्ली के बॉर्डरों पर भी किसान भारी ठंड के बावजूद प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों को कहना है कि ये कानून मंडी सिस्टम और पूरी खेती को प्राइवेट हाथों में सौंप देंगे, जिससे किसान को भारी नुकसान उठाना होगा। ऐसे में सरकार इन कानूनों को वापस ले ले।












Click it and Unblock the Notifications