Faridabad Case: आंख की हड्डी टूटी, चेहरे पर 20 से ज्यादा टांके, फरीदाबाद गैंगरेप में चौंकाने वाले खुलासे
Faridabad Gang Rape Case: हरियाणा के गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना से पूरा देश सदमे में है। 25 वर्षीय एक महिला के साथ दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया, उसे बेरहमी से पीटा और फिर तेज रफ्तार चलती कार से बाहर फेंक दिया।
गंभीर रूप से घायल महिला इस समय फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार महिला को कई फ्रैक्चर और गहरे घाव आए हैं। आइए जानते है इस गैंगरेप के पांच फैक्ट...

मां से विवाद के बाद घर से निकली थी पीड़िता
पीटीआई और अन्य रिपोर्ट्स के अनुसार, पीड़िता तीन बच्चों की मां है और पति से विवाद के चलते कुछ समय से अपने माता-पिता के साथ रह रही थी। घटना वाले दिन घर में मां से किसी बात को लेकर उसका तीखा विवाद हुआ था। इसके बाद वह घर छोड़कर अपनी एक सहेली के यहां सेक्टर-23 जाने की बात कहकर निकली थी। उसने अपनी बहन को भी यही जानकारी दी थी।
देर रात लिफ्ट बनी जानलेवा
महिला देर रात तक अपनी सहेली के यहां रुकी रही। आधी रात के बाद जब वह वहां से निकली तो उसे घर लौटने के लिए कोई साधन नहीं मिला। मेट्रो चौक के पास वह काफी देर तक सार्वजनिक परिवहन का इंतजार करती रही, लेकिन ठंड और कोहरे के कारण सड़क पर आवाजाही बेहद कम थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की ईको वैन में सवार दो युवकों ने उसे लिफ्ट देने की पेशकश की। मजबूरी में महिला ने उनकी बात मान ली।
सुनसान सड़क पर सामूहिक दुष्कर्म
पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवकों ने महिला को घर पहुंचाने के बजाय गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड के सुनसान और कम आबादी वाले हिस्से की ओर गाड़ी मोड़ दी। घने कोहरे और खराब दृश्यता का फायदा उठाते हुए उन्होंने वहां वाहन रोक दिया। एक आरोपी ने वैन के अंदर महिला के साथ दुष्कर्म किया, जबकि दूसरा बाहर पहरा देता रहा। इसके बाद दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ दरिंदगी की। बताया जा रहा है कि यह हैवानियत करीब दो से तीन घंटे तक चलती रही।
विरोध करने पर बेरहमी से पीटा
जांच से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, महिला ने आरोपियों का जमकर विरोध किया। इसी दौरान आरोपियों ने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। उसे लगातार पीटा गया, जिससे उसके चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अधिकतर चोटें दुष्कर्म का विरोध करने और बाद में चलती गाड़ी से फेंके जाने के कारण हुई हैं।
चलती वैन से बाहर फेंका
दुष्कर्म और मारपीट के बाद आरोपी महिला को वापस फरीदाबाद की ओर लेकर आए। मंगलवार तड़के करीब तीन से चार बजे के बीच, संजय गांधी मेमोरियल नगर के राजा चौक के पास, करीब 90 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से दौड़ती वैन से महिला को बाहर फेंक दिया गया। ठंड और कोहरे के कारण सड़क पर उस समय लगभग कोई मौजूद नहीं था, जिससे उसकी मदद की पुकार सुनने वाला कोई नहीं मिला।
बहन को किया फोन, गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंची
चलती गाड़ी से फेंके जाने के बाद महिला गंभीर रूप से घायल हालत में सड़क पर पड़ी रही और खून बहता रहा। किसी तरह उसने हिम्मत जुटाकर अपनी बहन को फोन किया और घटना की जानकारी दी। बहन मौके पर पहुंची और उसे तुरंत फरीदाबाद के बादशाह खान सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने दिल्ली रेफर करने की सलाह दी, लेकिन बाद में उसे फरीदाबाद के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गंभीर चोटें, आईसीयू में इलाज
डॉक्टरों के अनुसार, महिला की हालत गंभीर लेकिन फिलहाल खतरे से बाहर है। उसका दायां आई-सॉकेट फ्रैक्चर हो गया है, कंधा फ्रैक्चर होकर डिसलोकेट हो गया है और चेहरे पर दो गहरे घाव हैं, जिनमें 20 से ज्यादा टांके लगाए गए हैं। इलाज कर रहे डॉक्टर डॉ. अमित यादव ने बताया कि चेहरे पर सूजन है और आंख की हड्डी टूटी है। कंधे की सर्जरी की योजना बनाई जा रही है। डॉक्टरों का मानना है कि चेहरे की कई चोटें चलती गाड़ी से गिरने के दौरान किसी कठोर सतह से टकराने की वजह से हुई हैं।
अब तक दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मंगलवार को ही हिरासत में ले लिया। आरोपियों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। इनमें से एक उत्तर प्रदेश और दूसरा मध्य प्रदेश का निवासी है। दोनों को बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सबूत जुटाने में जुटी पुलिस
क्राइम ब्रांच ने घटना में इस्तेमाल की गई ईको वैन बरामद कर ली है। वाहन से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। पीड़िता और आरोपियों के भी सैंपल लिए गए हैं। आरोपियों के खून के नमूने यह जांचने के लिए लिए गए हैं कि घटना के समय वे नशे में थे या नहीं। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के स्वस्थ होने के बाद उसकी पहचान परेड कराई जाएगी।
बहन के बयान पर दर्ज हुआ केस
इस मामले में कोतवाली थाना में पीड़िता की बहन के बयान के आधार पर सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घने कोहरे, सुनसान सड़क और देर रात का समय आरोपियों के लिए अपराध को अंजाम देने में सहायक बना।
यह घटना न केवल महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर अब भी महिलाओं के लिए हालात कितने असुरक्षित हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications