एमपी में मानवता शर्मसार, शव को ठेले पर ले जाने को मजबूर हुए परिजन
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां सागर मेडिकल कॉलेज और जिला प्रशासन से एक गरीब को महज इसलिए अपने परिजन का शव ठेले पर ले जाना पड़ा क्योंकि उसके पास पैसे नहीं थे। यह घटना शुक्रवार रात 9 बजे की है, जब मृतक के परिजनों को शव को मजबूरन ठेले पर लादकर ले जाना पड़ा। यहां गौर करने वाली बात यह है कि मरीज की मृत्यु होने पर शव को भेजना की जिम्मेदारी अस्पताल प्रबंधन की होती है।

सागर मेडिकल कॉलेज की इस अमानवीय घटना ने एक बार फिर से अस्पताल में प्रबंधन के अमानवीय चेहरे को उजागर कर दिया है। अस्पताल की ओर से जब शव को भेजने से इनकार कर दिया गया तो मरीज के परिजन के पास ऑटो का किराया देने का पैसा नहीं था, जिसकी वजह से मजबूर होकर परिजनों को शव को ठेले पर ले जाना पड़ा। वहीं अस्पताल की इस अमानवीय घटना पर प्रबंधन गाड़ियों की कमी का रोना रो रहा है।
छत्तीसगढ़ में भी हुई थी ऐसी शर्मनाक घटना
इससे पहले छत्तीसगढ़ में इस तरह का मामला सामने आया था, जहां राजनंदगांव में एक परिवार को अपनी बच्ची को ठेले पर ले जाना पड़ा था। जिला अस्पताल पर आरोप था कि उसने शव को भेजने के लिए वाहन मुहैया कराने से इनकार कर दिया था। जिसके बाद नाराज परिजन शव को ठेले पर ले जाने को मजबूर हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications