फैक्ट चेक: कोरोना वायरस के कारण 4 मई तक बढ़ सकता है लॉकडाउन, जानिए क्या है सच्चाई
नई दिल्ली। इस वक्त जितनी तेजी से कोरोना वायरस (कोविड-19) का संक्रमण फैल रहा है, उतनी ही तेजी से उससे जुड़ी अफवाहें भी फैल रही हैं। इस वक्त सोशल मीडिया पर एक फर्जी मैसेज वायरल हो रहा है, जिसमें इंडिया टुडे के न्यूज बुलेटिन का हवाला देकर ये कहा जा रहा है कि कोरोना वायरस के कारण देश में जो लॉकडाउन लगा है, उसे 4 मई तक बढ़ा दिया गया है। आपको बता दें ये मैसेज पूरी तरह फर्जी है।

वायरल हो रहे इस फर्जी मैसेज की तस्वीर को फोटोशॉप किया गया है। इसमें 'प्रधानमंत्री ने तीन हफ्ते के लॉकडाउन की घोषणा की' वाली खबर को हटाकर उसकी जगह 'लॉकडाउन 4 मई तक किया गया है' लिखा गया है। दोनों ही तस्वीरों में प्रधानमंत्री के कपड़े भी एक जैसे ही दिख रहे हैं। बता दें 24 मार्च को देश के नाम संबोधन के बाद प्रधानमंत्री ने दोबारा संबोधन नहीं किया है। उन्होंने केवल शुक्रवार को वीडियो संदेश जारी किया है, जिसमें लॉकडाउन बढ़ाने के बारे में कुछ नहीं कहा।
इसके अलावा सरकार ने भी सोमवार को कहा है कि देश में कारोबार ठप्प पड़ा है, ऐसे में फिलहाल लॉकडाउन को आगे बढ़ाने की कोई योजना नहीं है। पीआईबी की ओर से ट्वीट कर कहा गया है, 'कुछ ऐसी अफवाहें और मीडिया रिपोर्ट हैं, जिनमें ये दावा किया जा रहा है कि 21 दिन का लॉकडाउन खत्म होने के बाद सरकार इसे आगे बढ़ा देगी। इस तरह की रिपोर्ट्स को कैबिनेट सचिव ने खारिज कर दिया है और कहा है कि ये आधारहीन हैं।'
देशभर में लॉकडाउन केवल 14 अप्रैल तक ही रहेगा। लॉकडाउन की घोषणा इसलिए की गई थी ताकि लोग घरों में सुरक्षित रहें और कोरोना वायरस का सामुदायिक फैलाव ना हो सके।












Click it and Unblock the Notifications