SC के बाहर रेप पीड़िता के आत्मदाह मामले में NHRC ने लिया संज्ञान, DGP UP, दिल्ली पुलिस कमिश्नर को भेजा नोटिस
नई दिल्ली, 01 सितंबर: घोसी (मऊ) से सांसद अतुल राय पर रेप का आरोप लगाने वाली युवती और उसके साथी की मौत के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग ने उत्तर प्रदेश के डीजीपी और दिल्ली के पुलिस कमिश्नर को नोटिस भेजा है। बता दें, युवती ने अपने एक साथी के साथ सुप्रीम कोर्ट के गेट के बाहर खुद को आग लगा ली थी। दोनों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

युवती ने सांसद अतुल राय पर लगाया था रेप का आरोप
युवती बलिया की रहने वाली थी। युवती ने 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान वाराणसी के लंका थाने में सांसद अतुल राय के खिलाफ रेप का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने अतुल राय पर शिकंजा कसा तो पहले वह अंडरग्राउंड हो गए। चुनाव में जीत हासिल करते ही अतुल राय ने सरेंडर कर दिया था। इसके बाद से वह नैनी जेल में हैं। उधर, सांसद अतुल राय ने भी पीड़िता पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया और पीड़िता के साथ ही रेप मामले में गवाह गाजीपुर के सत्यम राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।
पीड़िता ने गवाह के साथ किया आत्मदाह
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने 2 अगस्त को युवती और गवाह के खिलाफ वारंट जारी कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने सत्यम राय के साथ फेसबुक लाइव कर बनारस के तत्कालीन एसएसपी अमित पाठक समेत कई अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए आत्महत्या की धमकी दी। लेकिन पुलिस ने ध्यान नहीं दिया। इस बीच 16 अगस्त को दोनों दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट के सामने पहुंचे और फेसबुक लाइव करते हुए पेट्रोल छीड़ककर आग लगा ली। गंभीर हालत में दोनों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, पहले सत्यम ने दम तोड़ दिया। 24 अगस्त को युवती की भी मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications