VIDEO: जब एमजे अकबर पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोप पर बिना कुछ बोले निकल गईं सुषमा स्वराज
कई महिला पत्रकारों ने पूर्व पत्रकार और विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। अपने ऊपर लगे आरोपों पर अभी तक एमजे अकबर की कोई सफाई नहीं आई है।

नई दिल्ली। कई महिला पत्रकारों ने पूर्व पत्रकार और विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। अपने ऊपर लगे आरोपों पर अभी तक एमजे अकबर की कोई सफाई नहीं आई है। वहीं विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने भी इस मुद्दे पर चुप्पी साध ली है। मंगलवार दोपहर जब सुषमा स्वराज से अकबर पर लगे आरोपों को लेकर पूछा गया, तो वो बिना कुछ बोले वहां से निकल गईं।

विदेश राज्य मंत्री पर लगा यौन उत्पीड़न का आरोप
विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों पर सुषमा स्वराज ने बोलने से इनकार कर दिया है। द ट्रिब्यून की डिप्टी एडिटर स्मिता शर्मा ने मंगलवार दोपहर जब सुषमा स्वराज से इस मामले पर प्रतिक्रिया मांगी, तो वो बिना कुछ बोले वहां से चली गईं। जब पत्रकार शर्मा सुषमा स्वराज से पूछती हैं कि क्या एमजे अकबर के खिलाफ आंतरिक जांच की जाएगी, तो विदेश मंत्री ने कुछ नहीं कहा और चुपचाप वहां से निकल गईं।
सुषमा स्वराज ने बोलने से किया इनकार
विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर के ऊपर कई महिला पत्रकारों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पत्रकारों का कहना है कि अकबर होटल रूम में उनका इंटरव्यू लिया करते थे, जहां उन्हें शराब और बिस्तर पर बैठने की पेशकश की जाती थी। महिला पत्रकारों ने अकबर के व्यवहार को आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि न्यूजरूम में भी उनका बर्ताव गलत होता था।

भारत में तेज हुआ #MeToo आंदोलन
अकबर ने अभी तक अपने ऊपर लगे आरोपों पर कोई सफाई नहीं दी है, वहीं भाजपा सांसद उदित राज ने उनका बचाव किया है। बता दें कि #MeToo आंदोलन के तहत महिलाएं अपने साथ हुए यौन उत्पीड़न और बलात्कार की घटनाएं दुनिया के सामने बयां कर आरोपी को उजागर कर रही हैं। अमेरिका में एक साल पहले शुरू हुआ #MeToo आखिर भारत पहुंच गया है। इस आंदोलन की आग फिल्म और कॉमिक इंडस्ट्री से होते हुए अब राजनीति में भी पहुंच गई है।












Click it and Unblock the Notifications