Tamil Nadu: पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट से दहला विरुधनगर, हादसे में 9 लोगों ने गंवाई जान
तमिलनाडु के विरुधनगर जिले में एक पटाखा निर्माण फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। इस हादसे में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई। जबकि विस्फोट में 10 अन्य लोग घायल हो गए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। घटना के दृश्य हादसे की गंभीरता और पूरे बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान को दर्शाते हैं।

विस्फोट से पूरी औद्योगिक इकाई ध्वस्त हो गई है। घटनास्थल पर एंबुलेंस मौजूद हैं। फिलहाल विस्फोट वाली जगह बचाव अभियान चल रहा है।
पुलिस ने मामले की शुरुआती जांच का हवाला देते हुए बताया कि मृतकों में महिलाएं भी शामिल हैं. उन्होंने बताया कि विस्फोट के कारण का पता लगाया जा रहा है। यह घटना वेम्बकोट्टई पुलिस सीमा के अंतर्गत हुई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, विस्फोट की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि पटाखा फैक्ट्री के अलावा चार इमारतें नष्ट हो गईं। फैक्ट्री का मालिक विजय नाम का व्यक्ति बताया जा रहा। यह फैक्ट्री शहर के वेम्बकोट्टई इलाके में स्थित थी।
घटना के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची और घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनका इलाज चल रहा है।
पिछले साल की शुरुआत में, राज्य के कृष्णागिरी में एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद तीन महिलाओं सहित आठ लोगों की मौत हो गई थी, और कई अन्य घायल हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications