OROP के खिलाफ रेलवे ट्रैक पर बैठे पूर्व सैनिक, 12 घंटे तक किया प्रदर्शन
वन रैंक वन पेंशन में कथित अनियमितता के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पूर्व सैनिकों ने शनिवार को 12 घंटे तक रेलवे ट्रैक पर प्रदर्शन किया। पूर्व सैनिकों ने पंजाब के शांभू रेलवे स्टेशन पर धरना दिया। दरअसल ये पूर्व सैनिक दिल्ली की ओर आगे बढ़ रहे थे, लेकिन जब इन्हें रास्ते में रोका गया तो इन्होंने रेलवे ट्रैक पर ही धरना दे दिया।
पूर्व सैनिकों के प्रदर्शन की वजह से ट्रेनों का आवागमन काफी देर तक प्रभावित रहा। जीआरपी के अधिकारियों ने बताया कि जब पूर्व सैनिकों को जिला प्रशासन की ओर से इस बात का भरोसा दिया गया कि राज्यपाल उनसे मिलेंगे तो इसके बाद वो ट्रैक से हटे। पूर्व सैनिकों का प्रदर्शन शनिवार शाम 4.30 बजे खत्म हुआ।

कुछ प्रदर्शनकारियों का कहना था कि हम दिल्ली जा रहे थे, हम अलग-अलग ट्रांसपोर्ट के माध्यम से दिल्ली की ओर आगे बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने हमे हरियाणा में शांभू बॉर्डर के पास रोक लिया। रेलवे के अधिकारी ने बताया कि दिल्ली, जम्मू और अमृतसर जाने वाली ट्रेनों का संचालन इस प्रदर्शन के चलते प्रभावित रहा।
लेकिन धरना खत्म होने के बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया। सूत्रों का कहना है कि तकरीबन 250 पूर्व सैनिक शनिवार की सुबह से ही रेलवे ट्रैक पर बैठ गए थे, लेकिन बाद में उनकी संख्या और बढ़ गई थी।












Click it and Unblock the Notifications