'यादव सिंह' के विदेशी खातों को खंगालने में जुटे आयकर अधिकारी, हवाला का शक
लखनऊ। एक तरफ विदेशी बैंकों में जमा काला धन मामले को लेकर राजनीतिक गलियारों में गहमागहमी का माहौल है। दूसरी तरफ नोएडा-ग्रेटर नोएडा के पूर्व चीफ इंजीनियर यादव सिंह की काली कमाई विदेशी बैंक में होने की संभावना से आयकर अधिकारी सन्न हैं। सरकारी दामाद यादव सिंह के देशी खाते खंगालने के बाद इनकम टैक्स विभाग विदेशी बैंकों में यादव सिंह के खाते टटोल रहा है। आयकर विभाग को शक है कि यादव सिंह ने अपनी काली कमाई देश से बाहर छुपाया है और बिना हवाला नेटवर्क के इतनी बड़ी रकम विदेशों में भेजना संभव नहीं है।

आयकर विभाग की अब तक की जांच से पता चला है कि यादव सिंह की छह कंपनियों का कारोबारी टर्नओवर पांच हजार करोड़ रुपये का है। यादव सिंह की कंपनियों हिचकी क्रिएशन, कुसुम गार्मेंट्स, क्विक इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड, केएस अल्टा टेक, चाहत टेक एवं न्यू इरा सॉफ्टवेयर की निदेशक उनकी पत्नी कुसुमलता हैं। आयकर विभाग तह तक जाने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से मदद ले रहा है। यादव सिंह की 40 फर्जी कंपनियों में पांच हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश होने के प्रमाण आयकर विभाग को मिले थे।
आयकर विभाग के सामने सवाल खड़ा है कि 40 फर्जी कंपनियों को बेचने पर यादव सिंह के हाथ एक बड़ी रकम आई थी। इतनी बड़ी रकम को यादव सिंह ने कहां और कैसे ठिकाने लगाया है। इस सवाल का जवाब ढूढ़ने में आयकर अधिकारी रात-दिन एक कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications