जंतर-मंतर पर अब CISF-CAPF के जवान करेंगे प्रदर्शन! क्यों किया अनशन पर बैठने का ऐलान?
केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) के रिटायर जवान और कर्मचारी अब अपनी मांगों को लेकर दिल्ली में बड़ा आंदोलन करने की तैयारी में हैं। ऑल एक्स-पैरामिलिट्री फोर्सेस वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले 7 नवंबर से जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया गया है। इसमें CRPF, CISF समेत दूसरे केंद्रीय बलों से जुड़े पूर्व जवान और कर्मचारी शामिल होंगे।
प्रदर्शन की सबसे बड़ी वजह केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सामान्य प्रशासन) अधिनियम 2026 है, जिसे 9 अप्रैल से लागू किया गया है। संगठन इस कानून को वापस लेने की मांग कर रहा है। इसके साथ ही पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने और CAPF में डेपुटेशन पर आने वाले IPS अधिकारियों की बढ़ती भूमिका का विरोध किया जा रहा है। एसोसिएशन का आरोप है कि सरकार उनकी मांगों पर लंबे समय से ध्यान नहीं दे रही है।

7 नवंबर से शुरू होगा आंदोलन
ऑल एक्स-पैरामिलिट्री फोर्सेस वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव रणबीर सिंह ने कहा कि संगठन ने अपनी मांगों को लेकर कई बार सरकार का ध्यान खींचने की कोशिश की है। लेकिन जब कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो अब भूख हड़ताल का फैसला लिया गया है। रणबीर सिंह ने कहा कि 7 नवंबर से जंतर-मंतर पर आंदोलन शुरू होगा। उन्होंने नए कानून को 'काला कानून' बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की है।
ये भी पढ़ें: जेल जाएंगे CJP फाउंडर अभिजीत दीपके? मुस्लिम महिला ने दर्ज कराई FIR! क्या है पूरा मामला
गृह मंत्री को भी लिखा था पत्र
एसोसिएशन के मुताबिक, इस मामले में गृह मंत्री अमित शाह को पत्र भेजकर नए कानून को रद्द करने की मांग की गई थी। संगठन का दावा है कि पत्र के बावजूद सरकार की तरफ से उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक जवाब नहीं आया। पूर्व जवानों की मांग है कि CAPF में पुरानी पेंशन व्यवस्था दोबारा लागू की जाए। इसके अलावा वरिष्ठ पदों पर डेपुटेशन से आने वाले IPS अधिकारियों की भूमिका को लेकर भी वे बदलाव चाहते हैं।
IPS अधिकारियों को लेकर क्यों है नाराजगी?
रणबीर सिंह का आरोप है कि CAPF में लंबे समय तक सेवा देने वाले कैडर अधिकारियों के अनुभव को पर्याप्त महत्व नहीं मिल रहा है। उनका कहना है कि लगातार डेपुटेशन पर आने वाले अधिकारियों को अहम पद देने से अपने ही बल के अधिकारियों के प्रमोशन के मौके प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि जब जवानों और अधिकारियों के अनुभव की जगह डेपुटेशन वाले नौकरशाहों को प्राथमिकता मिलेगी, तो बल के लोगों के लिए सम्मान और स्वाभिमान के साथ काम करना मुश्किल होगा।
क्या बदलेगा नए CAPF कानून से?
केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सामान्य प्रशासन) अधिनियम 2026 को 9 अप्रैल 2026 से लागू किया गया है। एसोसिएशन के मुताबिक, इस कानून के जरिए CAPF के वरिष्ठ पदों पर IPS अधिकारियों की नियुक्ति को वैधानिक आधार दिया गया है।
नए प्रावधानों के अनुसार, CAPF में IG स्तर के कुल पदों में 50 फीसदी पद IPS अधिकारियों के लिए रखे जाएंगे। वहीं, कम से कम 67 फीसदी ADG पद डेपुटेशन पर आने वाले IPS अधिकारियों से भरे जाने का प्रावधान बताया गया है। इसके अलावा CAPF के सभी Special DG और DG पद IPS कैडर के लिए आरक्षित होंगे।
DIG पदों पर भी बदला गया नियम
संगठन का कहना है कि नए कानून में ग्रुप-ए CAPF अधिकारियों के लिए DIG पदों पर पहले मौजूद 50 फीसदी की सीमा भी हटा दी गई है। इससे डेपुटेशन पर आने वाले IPS अधिकारियों के लिए और ज्यादा पद खुल सकते हैं। एसोसिएशन का दावा है कि इससे CAPF के अपने कैडर अधिकारियों के प्रमोशन पर असर पड़ने की आशंका है। पहले इस तरह की नियुक्तियां कार्यकारी आदेशों के जरिए होती थीं, लेकिन अब उन्हें कानून का आधार मिल गया है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश का दिया हवाला
पूर्व जवानों ने अपनी मांग के समर्थन में सुप्रीम कोर्ट के पिछले साल के आदेश का भी जिक्र किया है। एसोसिएशन के अनुसार, अदालत ने गृह मंत्रालय को BSF, CRPF, CISF, ITBP और SSB में IG स्तर तक IPS अधिकारियों की डेपुटेशन को दो साल के अंदर चरणबद्ध तरीके से कम करने का निर्देश दिया था। संगठन के मुताबिक, अदालत ने छह महीने के भीतर CAPF कैडर की समीक्षा पूरी करने को भी कहा था।
'अदालत के आदेश को कमजोर करने की कोशिश'
रणबीर सिंह का आरोप है कि गृह मंत्रालय ने कोर्ट के आदेश को लागू करने के बजाय नया कानून लागू कर दिया। उनका दावा है कि इससे CAPF में IPS अधिकारियों का दबदबा और बढ़ेगा, जबकि अपने कैडर के अधिकारियों के प्रमोशन के रास्ते प्रभावित होंगे।
अब रिटायर जवान और कर्मचारी 7 नवंबर से जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल के जरिए अपनी आवाज उठाने की तैयारी में हैं। उनकी प्रमुख मांगों में 2026 के नए कानून को वापस लेना, OPS बहाल करना और CAPF में डेपुटेशन पर आने वाले IPS अधिकारियों की भूमिका को लेकर मौजूदा व्यवस्था में बदलाव शामिल है।
ये भी पढ़ें: पकड़ा गया अभिजीत दीपके का झूठ! CJP ले रही सरकारी काम का झूठा क्रेडिट? कैसे खुली पोल?


Click it and Unblock the Notifications
