साध्वी प्राची ने मोहन भागवत के बयान से जताई 'असहमति', कहा-सबका डीएनए एक लेकिन...
दौसा, जुलाई 10: बीजेपी नेता और विश्व हिंदू परिषद से संबंध रखने वाली साध्वी प्राची ने संघ प्रमुख मोहन भागवत के डीएनए वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी है। साध्वी प्राची ने मोहन भागवत के इस बयान पर कि सब का डीएनए एक है पर कहा कि देश में सब का डीएनए एक है लेकिन गौमांस खाने वालों का डीएनए कभी हमसे नहीं मिल सकता। वे आज किसी कार्यक्रम में हिस्सा लेने दौसा पहुंची थीं।

साध्वी प्राची ने कहा कि देश में दो बच्चे का कानून जल्द-से-जल्द लागू होना चाहिए, वर्ना बड़ा खतरा पैदा हो जाएगा। दो बच्चों को लेकर कानून बनाने की मांग करते हुए साध्वी ने कहा कि दो से ज्यादा बच्चे वालों के मतदान के अधिकार को छीन लेना चाहिए। वहीं, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर हमला बोलते हुए बीजेपी सांसद ने कहा कि राजस्थान में लव-जिहाद के नाम पर लड़कियों पर भारी अत्याचार हो रहा है और सरकार कुछ नहीं कर रही है।
बीजेपी सांसद ने कहा कि, गहलोत सरकार लव जिहाद के नाम पर बेटियों का हो रहे धर्मांतरण को रोके। कांग्रेस सरकार वोट की राजनीति छोड़ कर हिंदुओं की बेटियां बचाएं। दरअसल चार जुलाई को गाजियाबाद में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने एक कार्यक्रम में कहा था कि सभी भारतीयों का डीएनए एक है, चाहे वो किसी भी धर्म के क्यों न हों। जो लोग लिंचिंग में शामिल हैं, वो हिंदुत्व के खिलाफ हैं और लोकतंत्र में हिंदुओं या मुसलमानों का प्रभुत्व नहीं हो सकता है।
साध्वी प्राची ने झालावाड़ में दलित युवक की हुई हत्या को घिनौना कृत्य करार दिया। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि उसे शर्म आनी चाहिए कि दूसरे संप्रदाय के लोगों ने दलित युवक को तड़पा-तड़पा कर और घसीट-घसीट कर मारा है लेकिन कांग्रेस इसमुद्दे पर भी कुर्सी की राजनीति करती दिख रही है।












Click it and Unblock the Notifications