मिजोरम में लगातार तीसरे दिन आया भूकंप, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 4.1
नई दिल्ली। पूर्वोत्तर राज्य मिजोरम में पिछले दो दिनों से लगातार भूकंप के झटके आ रहे हैं। आज एक बार फिर से यहां भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.1 दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र चंफाई से 31 किलोमीटर दूर दक्षिण में है। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी की ओर से इस बाबत जानकारी दी गई है। एनसीएस की ओर से कहा गया है कि भूकंप के झटके सुबह 8.02 बजे महसूस किए गए हैं। अभी तक इन झटकों में किसी भी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।

पिछले तीन दिन से आ रहा है मिजोरम में भूकंप
इससे पहले रविवार रात, सोमवार की सुबह और मंगलवार की रात को भी मिजोरम में भूकंप के झटके महसूस किए जा चुके हैं। मंगलवार की देर रात करीब 11:03 बजे एक बार फिर भूकंप से धरती हिलने की खबर सामने आई थी। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 3.2 मापी गई थी। भूकंप के झटके चंफाई से दक्षिण-दक्षिणपश्चिम में तकरीबन 70 किलोमीटर दूर महसूस किए गए। बता दें कि सोमवार को भी मिजोरम में 5.5 तीव्रता का एक जोरदार झटका आया था जिससे कई घरों में दरारें आ गई थी।
पीएम ने लिया था हाल
वहीं सोमवार को आए भूकंप के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरामथंगा से फोन पर बात की और भूकंप के बाद हालात की जानकारी ली। साथ ही प्रधानमंत्री ने उन्हें हर संभव मदद का भी आश्वासन दिया था। खुद मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा था कि महज 12 घंटों के भीतर लगातार दो भूकंप के झटकों से मिजोरम को काफी नुकसान पहुंचा है। कई घरों और इमारतों की दीवारों में दरार आ गई। जिसके बाद स्थानीय विधायक और जिला प्रशासन ने भूकंप से हुए नुकसान का जायजा लिया। सौभाग्य है कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि पीएम ने मुझे फोन किया और मदद का भरोसा दिया है।
लगातार आ रहे भूकंप
2 जून को तड़के आया था भूकंप मिजोरम में लगातार आ रहे भूकंप ने अब लोगों के दिलों में डर बैठ गया है, रात को लोग चैन से सो नहीं पा रहे हैं। सोमवार को भी राज्य में 5.5 के भूकंप ने लोगों में हड़पंक मचा दिया। जानकारी के अनुसार सुबह 4.10 बजे मिजोरम के चंफाई में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इससे पहले रविवार को मिजोरम समेत पूर्वोत्तर के पांच राज्यों में भूकंप की कंपन को महूसस किया गया, इसमें असम ,मेघालय, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा तक भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। भूकंप का केंद्र मिजोरम के आईजोल से 25 किमी उत्तर पूर्व में था।
महाराष्ट्र में भी आया भूकंप
महाराष्ट्र में भूकंप के झटके मंगलवार को महाराष्ट्र के अकोला में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। अकोला में शाम पांच बजकर 28 मिनट में भूकंप के झटकों से धरती हिली, जिसके चलते लोग घरों से डरकर बाहर निकल गए। राष्ट्रीय भूकंप केंद्र के मुताबिक मंगलवार को शाम तकरीबन 5 बजकर 28 मिनट पर अकोला में भूकंप के झटके महसूस किए गए। अकोला से 129 किलोमीटर दक्षिण में लोगों ने इस झटके के महसूस किया, जिसके बाद लोग अपने घरों से बाहर निकल गए। रिक्टर पैमाने पर इस भूकंप की तीव्रता 3.3 मापी गई।












Click it and Unblock the Notifications