Nagaland Election: तारीखों का हुआ ऐलान, जानें क्या हैं नागालैंड के समीकरण?
Nagaland Assembly Elections: नागालैंड में बीजेपी और एनडीपीपी गठबंधन की सरकार है। वहां की 60 सीटों पर इस बार भी मुकाबला दिलचस्प होगा।

पूर्वोत्तर के तीन अहम राज्य नागालैंड, मेघालय और त्रिपुरा में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं, जिनकी तारीखों का ऐलान चुनाव आयोग ने बुधवार को कर दिया। नागालैंड विधानसभा का कार्यकाल 12 मार्च को खत्म होने वाला है, ऐसे में उससे पहले चुनाव की प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा। आइए जानते हैं नागालैंड विधानसभा का पूरा समीकरण-
दरअसल नागालैंड विधानसभा में कुल 60 सीटें हैं, जिन पर 2018 में चुनाव हुआ था। उस दौरान 11 सीटों पर बीजेपी ने कब्जा जमाया, जबकि NPF को 27 सीटें मिलीं। इसके अलावा NDPP ने 16, NPP ने 2 और जेडीयू ने 1 सीट हासिल की। वहीं एक सीट पर निर्दलीय ने भी बाजी मारी थी। इसके बाद बीजेपी और NDPP ने मिलकर गठबंधन किया। साथ ही मुख्यमंत्री की कुर्सी नेफ्यू रियो के पास गई।
ये है पूरा चुनाव कार्यक्रम
चुनाव आयोग के मुताबिक नागालैंड में 31 जनवरी को नोटिफिकेशन जारी होगा। इसके बाद उम्मीदवार 7 फरवरी तक नामांकन कर सकते हैं। फिर चुनाव आयोग की टीम 8 फरवरी को नामांकन की स्क्रूटनी करेगी, जबकि 10 फरवरी नाम वापसी की तारीख है। इस सब प्रक्रिया के पूरा होने के बाद 27 फरवरी को सभी सीटों पर एकसाथ वोटिंग होगी और 2 मार्च को तीनों राज्यों का रिजल्ट आएगा। चुनाव आयोग के मुताबिक नागालैंड में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। साथ ही हर नागरिक को मतदान की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी, चाहे वो जितने भी दुर्गम इलाके में क्यों ना हो।
बीजेपी का गठबंधन बरकरार
वहीं इस चुनाव में बीजेपी अपना गठबंधन नहीं तोड़ेगी। उसने नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (NDPP) के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। अभी तक तय फॉर्मूले के मुताबिक NDPP 40 और बीजेपी 20 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। राजनीतिक विशेषज्ञों के मुताबिक ये गठबंधन कांग्रेस की मुश्किलें तो बढ़ा ही सकता है, लेकिन बीजेपी को भी डर है कि कहीं उनके गठबंधन में दरार ना पड़ जाए।
क्यों बीजेपी के लिए अहम है तीनों राज्य?
अगले साल लोकसभा के चुनाव होने हैं। अगर फिर से बीजेपी को पूर्ण बहुमत पाना है, तो उत्तर भारत के साथ उसे पूर्वोत्तर में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। ऐसे में उसके लिए तीनों राज्यों के चुनाव सेमीफाइनल की तरह हैं। हालांकि बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने तीनों राज्यों में पूरी ताकत झोंक दी है।












Click it and Unblock the Notifications