पत्रकार से अभद्रता महंगी पड़ी कंगना रनौत को, इंटरटेनमेंट गिल्ड ने किया बहिष्कार का ऐलान
मुंबई। फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत को एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकार के साथ बदसलूकी भारी पड़ी है। द इंटरटेनमेंट जर्नलिस्ट गिल्ड ऑफ इंडिया ने कंगना रनौत के बहिष्कार का ऐलान किया है। गिल्ड की ओर से कहा गया है कि जिस तरह से उन्होंने पत्रकार के साथ बदसलूकी की है उसके बाद उनका बहिष्कार किया जाएगा और उन्हे मीडिया कवरेज नहीं दी जाएगी।

फिल्म का नहीं होगा बहिष्कार
गिल्ड की ओर से एक पत्र लिखकर इस बात का ऐलान किया गया है। यह पत्र जजमेंटल है क्या की प्रोड्यूसर एकता कपूर को लिखा गया है। जिसमे कहा गया है कि हमने एकजुट होकर यह फैसला लिया है कि कंगना रनौत का बहिष्कार किया जाएगा, उन्हें किसी भी तरह की मीडिया कवरेज नहीं दी जाएगी। लेकिन हम इस बात से आश्वस्त कराना चाहते हैं कि हम इस वजह से जजमेंटल है क्या फिल्म को प्रभावित नहीं होने देंगे। हम आपकी फिल्म और फिल्म के अन्य कलाकारों को कवरेज देंगे, लेकिन कंगना रनौत का बहिष्कार करेंगे। आप हमेशा से हमारे साथ मददगार रही हैं, लिहाजा हम उम्मीद करते हैं कि इस मामले में आप हमारे साथ रहेंगी।
पीटीआई के पत्रकार से हुई थी बहस
बता दें कि 7 जुलाई को फिल्म के एक गाने के रिलीज के मौके पर कंगना रनौत की पीटीआई के एक पत्रकार से तीखी बहस हो गई थी। फिल्म के गाने द वखरा को लेकर कंगना रनौत ने पत्रकार के साथ बदसलूकी की थी। वह इस बात से नाराज थी कि पत्रकार ने उनकी फिल्म मणिकर्णिका को लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। बता दें कि यह फिल्म कंगना रनौत की पहली निर्देशित फिल्म थी। कंगना ने कहा कि आपने मेरी फिल्म की इतनी बुरी तरह से आलोचना की थी, आखिर आप इतना नीचे कैसे गिर सकते हैं।
मणिकर्णिका फिल्म को लेकर भिड़ीं
यह पूरा विवाद उस वक्त हुआ जब कंगना रनौत और राजकुमार राव मीडिया के साथ बातचीत कर रहे थे। इस दौरान कंगना रनौत ने पत्रकार को बीच में ही रोकते हुए उन्हें तीखे शब्द कहे। कंगना ने कहा कि आप मेरी फिल्म मणिकर्णिका पर बहुत हमला किया था, क्या मैंने राष्ट्रवाद यह फिल्म बनाकर कुछ गलत किया था। आप मुझे कट्टर देशभक्त महिला कहते हैं, जोकि राष्ट्रवाद पर फिल्म बना रही है। यही नहीं कंगना ने इस पत्रकार के सवालों का जवाब भी देने से इनकार कर दिया। बता दें कि जजमेंटल है क्या फिल्म 26 जुलाई को रिलीज होगी।


Click it and Unblock the Notifications
