MP News: सीएम डॉ. मोहन यादव बोले- सुशासन का वास्तविक आधार न्याय, सरकार सभी के लिए न्याय सुनिश्चित करने को प्रतिबद्ध
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने मध्यस्थता, डिजिटल केस फाइलिंग, बहुभाषी कानूनी सेवाओं और लक्षित सुधारों के माध्यम से न्याय तक पहुंच बढ़ाने के लिए सरकार के नेतृत्व वाले प्रयास की घोषणा की, इस बात पर जोर दिया कि समय पर, समावेशी न्याय लोकतंत्र को मजबूत करता है और हाशिए पर पड़े समुदायों तक पहुंचता है।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार न्यायपालिका की भावना के अनुरूप अपने सभी उपलब्ध संसाधनों के साथ प्रत्येक नागरिक के लिए न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व लोकतंत्र के आधार हैं और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘Enhancing Access to Justice’ विषय पर वेस्ट जोन रीजनल कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में न्याय तक आसान पहुंच, मध्यस्थता, विधिक सेवाओं, तकनीकी नवाचार और न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में ‘Ensuring Access, Protecting Rights, Building Futures’ पुस्तक, निवारक एवं रणनीतिक विधिक सेवा योजनाएं, ‘न्याय सबके लिए’, ब्रेल लिपि में मार्गदर्शिका और ‘न्याय के स्वर’ का विमोचन किया गया। इसके साथ ही नेशनल लीगल सर्विसेज अथॉरिटी (NALSA) का थीम सॉन्ग प्रस्तुत किया गया। मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने नालसा शिक्षा स्कीम और थीम सॉन्ग को इंडियन साइन लैंग्वेज में लॉन्च किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यस्थता के माध्यम से छोटे-छोटे मामलों का समाधान कर केस पेंडेंसी जैसी गंभीर समस्या पर प्रभावी ढंग से काम किया जा सकता है। भारतीय न्याय परंपरा में पंच परमेश्वर की व्यवस्था से लेकर भगवान श्रीकृष्ण के गीता ज्ञान तक विवादों के समाधान और संवाद की परंपरा रही है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में हजारों वर्षों की न्याय परंपरा और आधुनिक व्यवस्था का उत्कृष्ट संगम दिखाई देता है। देश की अदालतों को लोग न्याय के मंदिर के रूप में देखते हैं और न्याय की आस में न्यायालय की चौखट तक पहुंचते हैं।
अंग्रेजों के दौर के कई गैर-जरूरी कानून समाप्त किए
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश बदलाव के स्वर्णिम दौर से गुजर रहा है। अंग्रेजों के दौर के अनेक गैर-जरूरी कानूनों को समाप्त कर न्याय व्यवस्था को अधिक सरल और सुलभ बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि ई-केस फाइलिंग, वर्चुअल सुनवाई, डिजिटल डेटा संग्रह और आधुनिक न्याय प्रबंधन जैसी व्यवस्थाएं न्याय प्रणाली को तकनीक आधारित बना रही हैं। औपनिवेशिक दौर के कानूनों के स्थान पर लागू किए गए नए कानूनों के माध्यम से नागरिकों के लिए न्याय को अधिक सरल और हितैषी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भी इसी दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने राज्य में समान नागरिक संहिता से संबंधित विधेयक पारित किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार सभी धर्मों के सम्मान और सर्वधर्म सद्भाव की भावना के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं से जुड़े पेपर लीक और धोखाधड़ी के मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में चार फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित किए गए हैं।
‘न्याय में देरी भी अन्याय’
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में साइबर सुरक्षा, राष्ट्रीय स्वचालित प्रणाली और ई-जीरो एफआईआर जैसी व्यवस्थाओं के माध्यम से पुलिस प्रणाली को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि न्याय में देरी भी अन्याय के समान है और समयबद्ध न्याय सुनिश्चित करना जरूरी है।
उन्होंने मालवा की न्याय परंपरा का उल्लेख करते हुए लोकमाता अहिल्याबाई होलकर और सम्राट विक्रमादित्य के उदाहरण दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 250 वर्ष पहले अहिल्याबाई होलकर ने इंदौर में सुशासन की मिसाल कायम की। उनके शासन में न्याय के दौरान पुत्र और प्रजा में कोई भेदभाव नहीं किया गया। उन्होंने सम्राट विक्रमादित्य के न्याय से जुड़े उदाहरण का भी उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय परंपरा में न्याय को सर्वोच्च महत्व दिया गया है।
सीजेआई सूर्यकांत बोले- संवाद से ही संभव है न्याय तक पहुंच
भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि सशक्त भविष्य, गरिमा और समावेशन केवल शब्द नहीं हैं, बल्कि विधिक सहायता की वास्तविक परिभाषा हैं। उन्होंने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के न्याय के प्रति समर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने नागरिकों, किसानों और विधवाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान किया।
जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि सभी लोगों तक न्याय की पहुंच केवल कानून बनाने से सुनिश्चित नहीं हो सकती। इसके लिए संवाद आवश्यक है। पीड़ित व्यक्ति को न्याय मिलने से पहले यह भरोसा होना चाहिए कि उसकी समस्या को कोई सुन रहा है।
उन्होंने कहा कि न्याय की प्रक्रिया केवल न्यायपालिका या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें सभी को मिलकर योगदान देना होगा। मध्यस्थता की प्रक्रिया भी सामने वाले व्यक्ति को सुनने से शुरू होती है।
अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचे न्याय
जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने में ही समानता की वास्तविक भावना निहित है। उन्होंने कहा कि असली चुनौती यह नहीं है कि जो व्यक्ति हमारे पास आया, उसकी सहायता कर दी जाए, बल्कि यह है कि जो व्यक्ति न्याय के लिए हमारे पास नहीं पहुंच पाया, हम उसके पास कैसे जाएं।
उन्होंने पैरा लीगल वॉलेंटियर्स को विधिक व्यवस्था और समाज के बीच महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उनके मुताबिक मध्यप्रदेश के जनजातीय समुदाय, गोवा के मछुआरों, गुजरात के प्रवासी मजदूरों और मुंबई में रहने वाली महिलाओं की समस्याएं अलग-अलग हो सकती हैं। इसलिए स्थानीय परिस्थितियों और जरूरतों को समझकर समाधान उपलब्ध कराना होगा।
सुशासन का वास्तविक आधार न्याय
केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि न्याय केवल अदालतों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। संविधान के अनुच्छेद 39A के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को नि:शुल्क न्याय उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। आर्थिक या सामाजिक स्थिति किसी व्यक्ति को न्याय से वंचित नहीं कर सकती।
उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) न्याय प्रक्रिया को बहुभाषीय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और अहिल्याबाई होलकर की न्याय परंपरा से प्रेरणा लेते हुए सुशासन का आधार न्याय को बनाया जाना चाहिए।
मध्यस्थता से विवादों का सरल समाधान
सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश विक्रम नाथ ने कहा कि नालसा की शिक्षा स्कीम और साइन लैंग्वेज में थीम सॉन्ग न्याय की पहुंच को जन-जन तक ले जाने में सहायक होंगे। हिंदी में विधिक योजनाओं और ब्रेल लिपि में गाइड के माध्यम से दृष्टिबाधित लोगों के लिए भी कानूनी सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
उन्होंने कहा कि नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जबलपुर के सहयोग से शुरू किया गया मध्यस्थता पर सर्टिफिकेट कोर्स विवादों को संवाद और सहमति के माध्यम से हल करने में मदद करेगा। परिवार, पड़ोसी और साझेदारी से जुड़े मामलों में मध्यस्थता प्रभावी समाधान का माध्यम बन सकती है।
हर नागरिक को मिले न्याय तक आसान पहुंच
सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश मनमोहन ने कहा कि न्याय केवल कानूनों और अदालतों तक सीमित अवधारणा नहीं है। यह नागरिकों का विश्वास है कि कठिन परिस्थिति में वे संबंधित मंच तक पहुंचकर समाधान प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए संवाद, सम्मान और समानता पर जोर देना होगा। न्याय को केवल विवादों के समाधान की प्रक्रिया के रूप में नहीं, बल्कि भविष्य की सामाजिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण आधार के रूप में देखना चाहिए।
मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश विवेक रुसिया ने कहा कि सम्मेलन न्याय तक समान पहुंच के संकल्प को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि एक्सेस टू जस्टिस केवल संवैधानिक सोच नहीं, बल्कि नैतिक जिम्मेदारी भी है। तकनीकी नवाचारों ने विभिन्न वर्गों तक विधिक सेवाओं की पहुंच को अधिक आसान बनाया है।
कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट और विभिन्न हाईकोर्ट के न्यायाधीश, विधिक सेवा प्राधिकरणों के वरिष्ठ पदाधिकारी, न्यायिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सम्मेलन के दौरान मध्यस्थता, विधिक सेवाओं, लोक अदालतों, कारागार सुधार, जनजातीय क्षेत्रों तक कानूनी सहायता के विस्तार और दिव्यांगजनों के लिए विशेष प्रशिक्षण जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।


Click it and Unblock the Notifications
