पांच मिनट की पार्किंग बन गई इंजीनियर की मौत
इस घटना के लिए नागरिकों ने गोलीबार चौक में देर रात तक शुरू होटल्स और बार के मालिकों को जिम्मेदार ठहराया है।
नागपुर। नागपुर में गुंडों का कहर देखने को मिला, जहां महज पार्किंग के विवाद के चलते एक इंजीनियर को अपनी जान गंवानी पड़ी। गोलीबार चौक में ओम शक्ति सावजी होटल के सामने हुए एक मामूली विवाद के चलते मारपीट के दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर की हत्या कर दी गई।

नागपुर के एक प्रसिद्ध कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में काम करने वाले आशीष कांबले की पार्किंग विवाद के चलते पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। रविवार शाम आशीष एक क्लायंट को लेकर गोलीबार चौक के होटल में खाना खाने गए थे। इसी दौरान सड़क के बाजू में आशीष ने अपनी गाड़ी पार्क की थी लेकिन एक्टिवा से आए दो लोगों ने पार्किंग को लेकर आशीष से वाद-विवाद किया। अतुल सदावर्दे और स्वप्निल महाजन इन दोनों ने मिलकर आशीष के साथ मारपीट की। इस झगड़े में अंदरूनी चोट लगने की वजह से आशीष अचानक बेहोश हो गया और हॉस्पिटल ले जाने से पहले ही आशीष की घटनास्थल पर मौत हो चुकी थी।
आशीष की मौत से उसके परिवारजनों में शोक की लहर फैल गई है। आशीष के परिवार वालों ने कभी नहीं सोचा था कि महज मामूली विवाद के चलते कोई उनके बेटे की हत्या कर देगा। इस घटना के लिए नागरिकों ने गोलीबार चौक में देर रात तक शुरू होटल्स और बार के मालिकों को जिम्मेदार ठहराया है। देर रात तक चल रहे होटल्स और बार की वजह से नागपुर में गुंडागर्दी बढ़ने का आरोप नागरिकों ने लगाया है। नागपुर में बढ़ रहे क्राइम को लेकर नागरिकों में दहशत का माहौल और चिंता की लकीर साफ दिखाई दे रही है।












Click it and Unblock the Notifications