कार्ती चिंदबरम को 16 जनवरी को ED के सामने पेश होने का समन
ईडी ने ये समन एयरसेल मैक्सिस डील मामले में भेजा है और 16 जनवरी को मुख्यालय में पेश होने को कहा है
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय ने पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम के बेटे कार्ती चिदंबरम को 16 जनवरी को पेश होने के लिए नोटिस जारी किया है। ईडी ने ये समन एयरसेल मैक्सिस डील मामले में भेजा है और 16 जनवरी को मुख्यालय में पेश होने को कहा है। इससे पहले 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले से जुड़े एयरसेल मैक्सिस मामले में कार्ति चिदंबरम के वकील को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान कड़ी फटकार झेलनी पड़ी थी।

कार्ती के वकील ने चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा द्वारा एयरसेल मैक्सिस मामले को जस्टिस अरुण मिश्रा को भेजे जाने पर खुशी जताई थी। जिसपर नाराज जस्टिस ने कहा कि हम आपको यहां खुश करने के लिए नहीं हैं। यह हमारा संवैधानिक दायित्व है। कार्ति के वकील ने जस्टिस अरुण मिश्रा की अध्यक्षता वाली पीठ से कहा, 'हमें खुशी है कि सीजेआई द्वारा इस बेंच (पीठ) को मामले की सुनवाई के लिए भेजा गया।'
आपको बता दें कि बुधवार को चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा ने खुद को एयरसेल मेक्सिस मामले की सुनवाई से अलग कर लिया था। उन्होंने कहा था कि वह दिल्ली हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस रहते हुए इस केस को सुना था। ऐसे में वह एक बार फिर से उसी याचिका पर सुनवाई नहीं करना चाहते। सीजेआई दीपक मिश्रा ने कहा था, 'मैंने दिल्ली हाई कोर्ट में 2जी केस की सुनवाई की थी।' बेंच ने कहा था कि जस्टिस अरुण मिश्रा की अगुवाई वाली दूसरी बेंच इस मामले की सुनवाई करेगी, जो पहले ही ऐसे कई अन्य केसों को सुन रही है।
गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पिछले साल सितंबर में एयरसेल-मैक्सिस मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चिदंबरम के पुत्र कार्ति चिदंबरम की 1.16 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली थी। ईडी के इस कार्रवाई को कार्ति ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। ईडी पी. चिदंबरम के वित्त मंत्री रहते हुए एयरसेल-मैक्सिस सौदे को एफआईपीबी द्वारा मंजूरी दिलाने के एवज में कार्ति चिदंबरम द्वारा की कथित रूप से रिश्वत लेने के मामले की जांच कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications