जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों से मुठभेड़, मारा गया हिजबुल का आतंकी
श्रीनगर, 15 दिसम्बर। जम्मू और कश्मीर के पुलवामा में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक आतंकी को ढेर कर दिया। मारे गए आतंकी की पहचान फिरोज अहमद डार के रूप में हुई है जो शोपियां का रहने वाला था। यह आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन का सक्रिय सदस्य था और 2017 से ही घाटी में आतंकी गतिविधियों में सक्रिय था।

जम्मू कश्मीर पुलिस ने बताया कि डार प्रतिबंधित आतंकी समूह हिजबुल मुजाहिदीन का ए प्लस श्रेणी का आतंकवादी था। डार सुरक्षाबलों पर हुए कई आतंकी हमलों में शामिल रहा है जिसमें 2018 में ज़ैनपोरा शोपियां में माइनॉरिटी गार्ड पर हमला भी था जिसमें 4 पुलिस कर्मी शहीद हो गए थे।
आतंकी के पास से हथियार बरामद
पुलिस ने बताया कि आतंकी के पास से आपत्तिजनक सामग्री, हथियार और गोला-बारूद, एक एके-सीरीज राइफल और तीन मैगजीन बरामद हुई हैं। बयान में पुलिस ने बताया कि संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है।
जम्मू कश्मीर के पुलवामा में देर रात सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई थी जो बुधवार सुबह तक जारी रही।
इनपुट के आधार पर कार्रवाई
सुरक्षाबलों को पुलवामा जिले के उजराम पथरी गांव में एक आतंकी के मौजूद होने की जानकारी प्राप्त हुई थी। इनपुट पर कार्रवाई करते हुए सुरक्षाबलों ने मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात को घेरा और तलाशी अभियान शुरू किया था।
संयुक्त ऑपरेशन में जम्मू-कश्मीर पुलि, 22आरआर और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 182 बटालियन शामिल थी। जल्द ही यह तलाशी अभियान मुठभेड़ में तब्दील हो गया जब आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी।












Click it and Unblock the Notifications