कश्मीर घाटी में सेना को बड़ी कामयाबी, लश्कर के टॉप कमांडर समेत 2 आतंकी ढेर
जम्मू: कश्मीर घाटी में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन तेज हो गया है। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में शनिवार सुबह आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई। इस दौरान दो आतंकियों के मारे जाने की खबर है, फिलहाल अभी मुठभेड़ जारी बताई जा रही है। मारे गए आतंकियों में से एक लश्कर का टॉप कमांडर बताया जा रहा है। जिसकी पहचान इश्फाक राशिद खान के रूप में हुई है।
Recommended Video

जानकारी के मुताबिक श्रीनगर के रणबीरगढ़ इलाके में दो से तीन आतंकियों के छिपे होने की खुफिया सूचना सुरक्षाबलों को मिली थी। इस पर सेना की राष्ट्रीय राइफल्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस की एसओजी और सीआरपीएफ ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी बीच आतंकियों ने सुरक्षाबलों के ऊपर फायरिंग शुरू कर दी। जिसका सेना ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए 2 आतंकियों को ढेर कर दिया। मारे गए आतंकियों की पहचान इश्फाक राशिद खान और अजीज अहमद के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक दोनों आतंकी लश्कर से जुड़े हुए थे। जिसमें इश्फाक टॉप कमांडर बताया जा रहा है। लंबे वक्त से वो घाटी की आतंकी गतिविधियों में सक्रिय था। जिस वजह से सुरक्षाबल उसकी तलाश कर रहे थे। शनिवार को हुई मुठभेड़ में इश्फाक का काम तमाम हो गया। वहीं स्थानीय लोग मुठभेड़ में खलल न डाल सकें, इस वजह से घेराबंदी कड़ी कर दी गई थी। प्रशासन ने इंटरनेट सेवा पर भी अस्थायी रोक लगा दी है, ताकी हिंसक प्रदर्शन न हों। इससे पहले दो जुलाई को श्रीनगर में हुई मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया था।












Click it and Unblock the Notifications