तबीयत बिगड़ी और बेहोश होकर गिर गया ट्रेन ड्राइवर, बाल-बाल बची यात्रियों की जान
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के पूर्वी वर्द्धमान जिले में एक बड़ा रेल हादसा होते-होते बच गया। यहां के दैहात स्टेशन पर चलती हुई EMU लोकल ट्रेन के ड्राइवर की तबीयत अचानक खराब हो गई। वो चक्कर खाकर कैबिन में ही गिर गया। गिरने से उसके सिर पर चोट लगी और वो बेहोश हो गया। इससे पहले कोई हादसा होता ड्राइवर ट्रेन का ब्रेक लगा चुका था।

पूर्वी रेलवे के प्रवक्ता आर एन महापात्र के अनुसार जब मोटरमैन को तबियत सही नहीं लगी तो उसने ट्रेन को तत्काल रोक दिया जिससे यात्री बच गये। जानकारी के मुताबिक हावड़ा-कटवा लोकल के चालक आई हलधर को जब तबीयत सही नहीं लगी तो उसने सुबह 11 बजकर 12 मिनट पर दैहात स्टेशन के निकलते ही ट्रेन को रोक दिया।
बाद में ट्रेन के गार्ड और कुछ यात्रियों की मदद से ड्राइवर को अस्पताल ले जाया गया। रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि उसके बाद नए ड्राइवर और गार्ड को ट्रेन संचालन के लिए भेजा गया जिसके बाद ट्रेन आगे जा सकी। हालांकि घटना की वजह से दो ईएमयू लोकल ट्रेनें देरी से चलीं। घटना के मामले में जांच शुरू कर दी गयी है।












Click it and Unblock the Notifications