'लग रहा एलन मस्क को हिंदी पसंद आ गई', ट्विटर पर हुआ गजब का खेल, यूजर्स खा गए धोखा
Elon Musk Fake Hindi Tweet: एलन मस्क ने जब से ट्विटर को टेकओवर किया है, तब से वो नए-नए नियम लागू कर रहे। उन्होंने बड़ी संख्या में अपने कर्मचारियों की छंटनी भी की है। हाल ही में उन्होंने ऐलान किया था कि ट्विटर पर ब्लू टिक वाले यूजर्स को 8 डॉलर प्रति महीने के हिसाब से भुगतान करना पड़ेगा। इस बीच शनिवार को ट्विटर पर एलन मस्क के नाम से हिंदी में ट्वीट के स्क्रीनशॉट वायरल होने लगे। लोग उस पर तुरंत विश्वास कर रहे थे, क्योंकि वो ट्वीट वेरिफाइड अकाउंट से हुए थे। हालांकि बाद में सारा खेल यूजर्स को समझ आ गया।

एलन मस्क नाम के एक वेरिफाइड यूजर ने शनिवार को ट्वीट कर लिखा- "ट्विटर तेरे टुकड़े होंगे गैंग को भी 8 डॉलर देने पड़ेंगे"। एक दूसरे ट्वीट में उन्होंने एक मीम पोस्ट करते हुए लिखा कि ये बिक गई है चिड़िया। इसके अलावा कई अन्य ट्वीट भी उस अकाउंट से हुए। लोग उसको सही भी मान रहे थे, क्योंकि उस पर मस्क की फोटो और ब्लू टिक था।

हिंदी में ट्वीट देखकर भारतीय यूजर खूब उत्साहित हुए और उन्होंने उस पर जबरदस्त प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने लिखा कि लग रहा मस्क को हिंदी पसंद आ गई है। अब वो हिंदी में ट्वीट करने वालों को डिकाउंट देंगे। कुछ देर बाद पता चला कि वो अकाउंट एलन मस्क का नहीं किसी दूसरे शख्स का था। उसका अकाउंट वेरिफाइड था, जिस वजह से उसने नाम और बायो बदलकर लोगों को बेवकूफ बनाया। ट्विटर के नियम के मुताबिक यूजर अपना नाम तो बदल सकते हैं, लेकिन यूजर नेम नहीं। ऐसे में जब सबने देखा कि एलन मस्क वाली आईडी का यूजर नेम @iawoolford है, तो वो सारा खेल समझ गए।

अकाउंट हुआ सस्पेंड
वैसे @iawoolford ने ये सब मजाक में किया था, लेकिन उनको ये काफी महंगा पड़ गया। कई ट्विटर यूजर ने उनके अकाउंट को रिपोर्ट किया, जिस वजह से अब उनका अकाउंट सस्पेंड हो गया है। हालांकि उनके अकाउंट से किए गए ट्वीट के स्क्रीनशॉट अभी भी वायरल हो रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications