'Ind vs Pak' वाले ट्वीट पर बढ़ीं कपिल मिश्रा की मुश्किलें, रिटर्निंग ऑफिसर ने जारी किया नोटिस
नई दिल्ली। दिल्ली के मॉडल टाउन विधानसभा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार कपिल मिश्रा की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं। कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर कहा था कि 8 फरवरी को दिल्ली की सड़कों पर हिंदुस्तान और पाकिस्तान का मुकाबला होगा। बीजेपी उम्मीदवार के इस ट्वीट का चुनाव आयोग ने संज्ञान लेते हुए दिल्ली के चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर से रिपोर्ट तलब किया था, जिसपर रिटर्निंग ऑफिसर ने कपिल मिश्रा को नोटिस जारी किया है।

भाजपा उम्मीदवार कपिल मिश्रा के ट्वीट के मामले में दिल्ली चुनाव आयोग को 24 घंटे में रिपोर्ट देनी है। अपने ट्वीट में कपिल मिश्रा ने लिखा था, '𝗜𝗻𝗱𝗶𝗮 𝘃𝘀 𝗣𝗮𝗸𝗶𝘀𝘁𝗮𝗻 8𝘁𝗵 𝗙𝗲𝗯𝗿𝘂𝗮𝗿𝘆 𝗗𝗲𝗹𝗵𝗶, 8 फरवरी को दिल्ली की सड़कों पर हिंदुस्तान और पाकिस्तान का मुकाबला होगा।' यही नहीं आम आदमी पार्टी के बागी नेता और बीजेपी उम्मीदवार कपिल मिश्रा ने एक ट्वीट का जवाब दिया था, जिसमें उन्होंने शाहीन बाग प्रोटेस्ट में पाकिस्तान की एंट्री का जिक्र किया था।
Recommended Video
CAA-NRC के खिलाफ शाहीन बाग में चल रहे प्रोटेस्ट पर किए गए एक ट्वीट के जवाब कपिल मिश्रा ने लिखा, 'पाकिस्तान की एंट्री शाहीन बाग में हो चुकी हैं। दिल्ली में छोटे-छोटे पाकिस्तान बनाये जा रहे हैं। शाहीन बाग, चांद बाग, इंद्रलोक में देश का कानून नहीं माना जा रहा, पाकिस्तानी दंगाइयों का दिल्ली की सड़कों पर कब्जा है।'
बता दें कि कभी आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के बेहद करीबी रहे कपिल मिश्रा ने करावल नगर से पिछले चुनाव में जीत दर्ज की थी। लेकिन इसके बाद ऐसी सियासत गरमाई कि कपिल ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बीजेपी का दामन थामने वाले कपिल मिश्रा को पार्टी ने मॉडल टाउन विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। दिल्ली में 8 फरवरी को वोटिंग होनी है जबकि इसके नतीजे 11 फरवरी को आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications