कर्नाटक BJP ने शेयर किया मुस्लिमों से जुड़ा 'आपत्तिजनक' पोस्ट, चुनाव आयोग ने X को दिए तुरंत हटाने के निर्देश
Karnataka BJP Twitter: देश में जारी लोकसभा चुनाव के बीच चुनाव आयोग (ईसीआई) ने मंगलवार को माइक्रो-ब्लॉगिंग साइट एक्स (ट्विटर) को भाजपा की कर्नाटक यूनिट द्वारा साझा किए गए "आपत्तिजनक पोस्ट" को तुरंत हटाने के लिए कहा है।
चुनाव आयोग ने एक्स को आदेश दिया कि वो कर्नाटक बीजेपी के आपत्तिजनक पोस्ट को फौरन अपने प्लेटफॉर्म से हटाए। इससे पहले कर्नाटक चुनाव आयोग ने बीजेपी को यह पोस्ट हटाने का आदेश दिया था।

दरअसल, कर्नाटक भाजपा की ओर से मुस्लिम आरक्षण के बारे में एक 'आपत्तिजनक' एनिमेटेड वीडियो साझा किया गया था, जिसका कांग्रेस ने कड़ा विरोध करते हुए चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज करवाई थी। पोस्ट में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, कर्नाटक सीएम सिद्धारमैया का 'मुसलमानों' का पक्ष लेते हुए व्यंग्यचित्र दिखाए गए हैं।
जिसके बाद अब भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) ने मंगलवार को एक्स को भाजपा की कर्नाटक इकाई द्वारा साझा किए गए "आपत्तिजनक पोस्ट" को तुरंत हटाने के निर्देश दिए। आयोग ने कहा है कि राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने एक्स को पांच मई को ही उस पोस्ट को हटाने को कहा था, लेकिन उसे अब तक नहीं हटाया गया है।
एक्स के नोडल ऑफिसर को भेजे लेटर में चुनाव आयोग ने इस बात का भी संज्ञान लिया है कि कर्नाटक के मुख्य चुनाव अधिकारी के दिशा-निर्देश के बावजूद इस वीडियो को अब तक नहीं हटाया गया।
पोल पैनल ने अपने पत्र में लिखा-"मुझे यह सूचित करने का निर्देश दिया गया है कि 'बीजेपी4कर्नाटक' का पोस्ट मौजूदा कानूनी ढांचे का उल्लंघन है। मामले में एक प्राथमिकी पहले ही दर्ज की जा चुकी है। यह आपके संज्ञान में लाया गया है कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, कर्नाटक ने साइबर अपराध प्रभाग, बेंगलुरु के माध्यम से आपत्तिजनक पोस्ट को हटाने के लिए पहले ही 05.05.2024 को एक्स को निर्देशित कर दिया गया था, हालांकि, पोस्ट को अभी तक नहीं हटाया गया है।"
बता दें कि कांग्रेस ने रविवार (5 मई) को राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पास शिकायत दर्ज कराई। यह शिकायत बीजेपी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय, पार्टी प्रमुख जेपी नड्डा, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र और कर्नाटक बीजेपी सोशल मीडिया टीम के खिलाफ दर्ज की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications