मोदी लहर से हिलने लगी इस प्रदेश की भी राजनीति, कांग्रेस को झटका
मोदी लहर का असर हिमाचल प्रदेश में भी होता दिख रहा है। यहां एक बड़े कांग्रेस नेता और पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रहे दीपक शर्मा ने भाजपा ज्वाइन कर लिया।
शिमला। मोदी लहर से हिमाचल प्रदेश भी अछूता नहीं रहा। शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस को उस समय खासा झटका लगा, जब पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता दीपक शर्मा ने भाजपा का दामन थाम लिया। हमीरपुर में आयोजित माफिया हटाओ प्रदेश बचाओ रैली के अवसर पर दीपक शर्मा को भाजपा नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल, सांसद अनुराग ठाकुर व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती की मौजूदगी में शाामिल किया गया।

कांग्रेस छोड़ रहे कर्मठ कार्यकर्ता
इन दिनों मोदी लहर में कई सालों तक कर्मठ कार्यकर्ताओं में शुमार नेता भाजपा का दामन थाम रहे हैं। अभी हाल ही में यूपीए सरकार के विदेश मंत्री रहे एसएम कृष्णा ने अपनी 40 साल के सेवा के बाद कांग्रेस को छोड़ दिया और भाजपा की सदस्यता को ग्रहण कर लिया था। इसी नक्शे कदम पर चलते हुए हमीरपुर से कांग्रेस के नेता व पूर्व प्रवक्ता दीपक शर्मा ने भी शुक्रवार को भाजपा का दामन थाम लिया।

भोरंज उपचुनाव से पहले कांग्रेस को झटका
कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता दीपक शर्मा का हमीरपुर जिला में खासा जनाधार रहा है। हमीरपुर जिला में ही भोरंज में होने जा रहे उपचुनावों से एन पहले दीपक शर्मा का पार्टी से जाना किसी झटके से कम नहीं है। उन्होंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से 22 मार्च को त्यागपत्र दे दिया था। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी को भेजे त्यागपत्र में उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के एक वरिष्ठ पदाधिकारी पर कई आरोप लगाए थे। त्यागपत्र देने के साथ ही उनके बीजेपी में जाने की अटकलें लगाए जा रही थी। दीपक शर्मा 2007 से 2016 तक प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता पद पर रहे हैं।

कांग्रेस डूबता जहाज है: धूमल
इस अवसर पर अपने संबोधन में नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि सरकार के पास प्रदेश के लिये न तो कोई निति है, न ही कोई कार्यक्रम है। भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे मुख्यमंत्री को अपनी कुर्सी बचानी है। उसमें ही उन्होंने सवा चार साल लगा दिये। कांग्रेस डूबता हुआ जहाज है। उन्होंने दीपक शर्मा की सराहना करते हुये दावा किया कि हिमाचल में आने वाले दिनों में भी कांग्रेस के कुछ बड़े नेता भाजपा में आयेंगे। भाजपा में सबका स्वागत है। उन्होंने कहा कि देवभमि के नाम से विश्व भर में पहचान बनाने वाले प्रदेश को कांग्रेस सरकार ने माफियाओं का प्रदेश बना कर रख दिया है जिसमें कानून-व्यवस्था भगवान भरोसे की चल रही है। धर्मशाला में दूसरी राजधानी व बेरोजगारी भत्ते की घोषणा को महज छलावा बताते हुए धूमल ने कहा कि न तो प्रदेश सरकार की धर्मशाला को दूसरी राजधानी बनाने की मंशा है और न ही बेरोजगारों को भत्ता देने की क्योंकि दोनों के लिए बजट को प्रावधान ही नहीं किया गया है।

कांग्रेस राज में हिमाचल का विकास पीछे खिसका: अनुराग ठाकुर
सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने देश में सुशासन का नारा दिया था और लगभग तीन वर्षों के उपरान्त भाजपा पर एक भी दाग नहीं लग पाया और हाल ही सम्पन्न हुए पांच राज्यों के चुनावों में से चार पर जीत दर्ज करवा लोगों ने भाजपा की नीतियों पर मुहर लगा दी है जिसकी चर्चा देश में ही नहीं बल्कि विदेशी मीडिया में भी हो रही है। प्रदेश सरकार पर केंद्र की योजनाओं को क्रियान्वित न करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि इससे प्रदेश विकास में कहीं पीछे रह गया है और महज पांच वर्ष पहले देशभर में डायमंड राज्य का खिताब हासिल करने वाला हिमाचल प्रदेश अब खिसक कर 24वें स्थान पर पहुंच गया है जो विकास को लेकर सरकार की कार्यकुशलता का ज्वलंत उदाहरण है।












Click it and Unblock the Notifications