मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED का बड़ा एक्शन, जेट एयरवेज के फाउंडर नरेश गोयल गिरफ्तार
Jet Airways founder Naresh Goyal: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ा एक्शन लिया है। ईडी ने जेट एयरवेज के फाउंडर नरेश गोयल को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को बैंक धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जेट एयरवेज के फाउंडर नरेश गोयल (74) को घंटों की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया है।

नरेश गोयल गिरफ्तार, कोर्ट में होगी पेशी
नरेश गोयल की गिरफ्तारी बैंक धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में की गई है। ईडी के अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि 02 सितंबर को कोर्ट में पेश किया जाएगा। यहां ईडी उनकी कस्टडी रिमांड की मांग करेगी।
538 करोड़ रुपए से जुड़ा मामला
पूरा मामला केनरा बैंक से जुड़े 538 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी से जुड़ा है, जिसमें ईडी ने शुक्रवार को उनसे पूछताछ की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
केंद्रीय एजेंसी ने यह कदम धोखाधड़ी मामले में गोयल, उनकी पत्नी अनीता और कंपनी के कुछ पूर्व अधिकारियों के खिलाफ सीबीआई द्वारा चल रही जांच के बाद उठाया गया है।
सीबीआई ने इसी साल दर्ज की थी FIR
ईडी ने नरेश गोयल को मुंबई में एजेंसी के ऑफिस में दिनभर की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। उन्हें बॉम्बे पीएमएलए कोर्ट में शनिवार को पेश किया जाएगा। यह मामला केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा इस साल मई में दर्ज की गई एक एफआईआर पर आधारित है।
ईडी ने जुलाई में भी गोयल और उनके करीबी सहयोगियों से संबंधित दिल्ली और मुंबई में कई स्थानों पर छापेमारी की थी।
केनरा बैंक की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि जेट एयरवेज (इंडिया) लिमिटेड (जेआईएल) को 848.86 करोड़ रुपये की क्रेडिट सीमा और ऋण मंजूर किए थे, जिसमें से 538.62 करोड़ रुपये की राशि बकाया है।
केनरा बैंक के मुताबिक, उन्होंने जेट एयरवेज को क्रेडिट लिमिट सुविधा मंजूर की थी, लेकिन एयरलाइन ने बैंक को 538.62 करोड़ रुपये का चूना लगाया है।












Click it and Unblock the Notifications