सिक्किम में फिर भूकंप के झटके से हिली धरती, रिक्टर स्केल पर 4.0 दर्ज की गई तीव्रता
गंगटोक, 25 जुलाई। कोरोना वायरस, भीषण बारिश, बाढ़ और भूस्खलन की मार झेल रहे भारत में धरती के नीचे से भी लोगों के लिए जानलेवा आफत दस्तक दे रही है। सप्ताह में दूसरी बार आज (रविवार) फिर सिक्किम में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक यह झटके पूर्वी सिक्किम में रात करीब 8.39 बजे आए, रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.0 मापी गई है।

बता दें कि इससे पहले 20 जुलाई को सिक्किम भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे। विशेषज्ञों के मुताबिक शाम करीब 6 बजकर 46 मिनट पर 3.2 तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। भूकंप का केंद्र राजधानी गंगटोक से छह किलोमीटर दूर 27.40 उत्तरी अक्षांश और 88.62 पूर्वी देशांतर तथा जमीन की सतह से 10 किलोमीटर की गहराई में रहा। वहीं इसी महीने की शुरुआत में पूर्वोत्तर के राज्य मणिपुर में सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मणिपुर के उखरूल में 9 जुलाई की सुबह 5 बजकर 56 मिनट पर भूकंप आया था, जिसकी रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 4.5 मापी गई थी।
यह भी पढ़ें: राजस्थान में भूकंप: बीकानेर के पास दूसरे दिन भी धरती हिली, जानिए कितनी थी रिक्टर स्केल पर तीव्रता
राजस्थान में लगातार भूकंप के झटके
22 जुलाई को राजस्थान के रेगिस्तानी जिले बीकानेर में फिर भूकंप का झटका महसूस हुआ था। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, इस भूकंप की रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 4.8 थी। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के सेंटर द्वारा बताया गया कि, भूकंप आज सुबह 7:42 बजे आया, जो हालांकि बीकानेर शहर से दूर था। इससे एक दिन पहले इससे भी ज्यादा तीव्रता का भूकंप आया था। भूकंप मापने वाले राष्ट्रीय केंद्र के अपडेट्स में बताया गया कि, बुधवार सुबह राजस्थान में बीकानेर के पास 5.3 तीव्रता का भूकंप आया था। भूकंप का केंद्र बीकानेर से 343 किमी पश्चिम-उत्तर-पश्चिम (WNW) में था। न्यूज एजेंसी मुताबिक , मानसूनी बारिश के दिनों राजस्थान में बीते रोज जो भूकंप आया, वह सतह से 110 किमी की गहराई से उत्पन्न हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications