मणिपुर में फिर भूकंप के झटके, रिएक्टर स्केल पर 3.5 थी तीव्रता
नई दिल्ली: एक ओर कोरोना महामारी पूरे देश में फैली है, तो वहीं दूसरी ओर धरती के डोलने का भी सिलसिला जारी है। गुरुवार को एक बार फिर मणिपुर में भूकंप आया। इस दौरान किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है, हालांकि प्रशासनिक अधिकारी इलाके में जांच-पड़ताल कर रहे हैं। 10 अक्टूबर को भी मणिपुर में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।

जानकारी के मुताबिक मणिपुर के बिश्नुपुर में गुरुवार रात 9.05 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। जिसके बाद लोग अपने घरों से बाहर आ गए। इस बार भूकंप की तीव्रता रिएक्टर स्केल पर 3.5 थी। अभी तक किसी तरह के नुकसान की रिपोर्ट स्थानीय नागरिकों ने नहीं की है, हालांकि इन झटकों की वजह से काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। वहीं 10 अक्टूबर को मणिपुर के तामेंगलांग में जो भूकंप आया था, उसकी तीव्रता 5.3 मापी गई थी।
भूकंप के दौरान बरतें ये सावधानियां
भूकंप के दौरान अगर आप मकान, दफ्तर या किसी भी इमारत में मौजूद हैं, तो वहां से बाहर निकलकर खुले में आ जाएं। इसके बाद खुले मैदान की ओर भागें। अगर आप घर के अंदर हैं तो कोने और मेज के नीचे छुप जाएं। भूकंप आने की स्थिति में किसी बिल्डिंग के आसपास न खड़े हों। अगर आप ऐसी बिल्डिंग में हैं, जहां लिफ्ट हो तो लिफ्ट का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। ऐसी स्थिति में सीढ़ियों का इस्तेमाल करना ही सही होता है।












Click it and Unblock the Notifications