ओखी चक्रवात की दहशत के बीच गुजरात में भूकंप के झटके
राजकोट। गुजरात के राजकोट और रापार में दोहपर के वक्त भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। चक्रवात ओखी के दहशत के बीच भूकंप के झटके से लोग सहम गए और घर से बाहर निकल आए। हालांकि भूकंप की तीव्रता कम थी (राजकोट में 3.5 और रापार में 1.8) जिसके चलते किसी तरह के नुकसान होने की खबर नहीं है। उल्लेखनीय है कि गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव में कुछ ही दिन बाकी हैं ऐसे में पहले तूफान फिर भूकंप के झटकों ने चुनाव प्रचार पर भी खासा असर डाला है।

गौरतलब है कि केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में तबाही मचाने के बाद ओखी तूफान अब महाराष्ट्र और गुजरात की तरफ बढ़ रहा है। तूफान के असर से दोनों राज्यों के कई हिस्सों में तेज हवा के साथ जबरदस्त बारिश से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मुंबई में मंगलवार को बारिश के साथ ओले भी गिरे।
बता दें कि चक्रवाती तूफान ओखी मंगलवार दोपहर तक मुंबई से दक्षिण-पश्चिम की ओर 670 किलोमीटर की दूरी पर थी। इस बीच एक राहत भरी खबर ये भी है कि साइक्लोन कमजोर पड़ रहा है और जिससे साइक्लोन खत्म होकर डिप्रेशन बन गया है। मौसम विभाग का कहना है कि सूरत पहुंचने से पहले ही ओखी के समंदर में खत्म हो जाने की संभावना है।
ओखी चक्रवात के चलते गुजरात विधानसभा चुनाव प्रचार पर भी असर पड़ा है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह की रैलियां रद्द कर दी गई हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भावनगर में अपनी रैलियों को रद्द करना पड़ा है। इसी तरह राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सूरत में अपने प्रचार कार्यक्रमों को रद्द करना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications